महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश, लखनऊ पीसी मीना द्वारा शनिवार को केंद्रीय कारागार वाराणसी, जिला कारागार वाराणसी तथा जिला कारागार ज्ञानपुर (भदोही) का निरीक्षण किया गया।
केंद्रीय कारागार वाराणसी में निरीक्षण के दौरान काष्ठ कला एवं लौह उद्योग, नव-निर्मित वीडियो वॉल, पीसीओ, विभिन्न सर्किलों की बैरकों, पाकशाला, कारागार अस्पताल, बेकरी इकाई एवं गौशाला का अवलोकन किया गया। बंदियों से संवाद कर उनके मुकदमों, स्वास्थ्य, भोजन की गुणवत्ता तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की गई।
मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवाओं का भी निरीक्षण किया गया। मुख्य प्राचीर (मेनवॉल) की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे एवं प्रकाश व्यवस्था का परीक्षण करते हुए सुरक्षा सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक सुझाव दिए गए। महानिदेशक महोदय ने कारागार की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता एवं रोजगारपरक औद्योगिक गतिविधियों की सराहना की।
जिला कारागार वाराणसी में मुख्यद्वार पर गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त करने के उपरांत बायोमैट्रिक आरएफआईडी गार्ड पेट्रोलिंग प्रणाली, महिला सदन, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, नियंत्रण कक्ष की वीडियो वॉल, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, बैरकों की तलाशी एवं कारागार चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया।
महिला बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं न्यायालयीन कार्यवाहियों की जानकारी ली गई तथा आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को खिलौने एवं चॉकलेट वितरित किए गए। निरीक्षण के दौरान कारागार की स्वच्छता एवं प्रशासनिक व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया गया।
जिला कारागार ज्ञानपुर (भदोही) में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, बैरकों की परेड एवं तलाशी, पाकशाला, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा बंदियों द्वारा निर्मित कालीन इकाई का अवलोकन किया गया।
बंदियों से भोजन, मुलाकात, पेशी एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा महिला बंदियों को फल वितरित किए गए। कारागार अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव एवं अभिषेक कुमार सिंह, तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : जौनपुर जेल का निरीक्षण कर महानिदेशक ने परखी सुरक्षा व सुविधाएं













