लखनऊ। इकाना स्टेडियम में रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जहां एक ओर एलएसजी अपनी मजबूत गेंदबाजी के दम पर बढ़त बनाने की कोशिश करेगी, तो दूसरी ओर गुजरात संतुलित टीम संयोजन के साथ चुनौती पेश करेगी।
मैच से पहले दोनों टीमों के सहायक कोचों ने अपनी तैयारियों को लेकर विश्वास जताया। गुजरात टाइटन्स के सहायक कोच विजय दहिया की माने तो टीम हर परिस्थिति के लिए तैयार है और कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने राशिद खान को ऐसा खिलाड़ी बताया, जो किसी भी हालात में मैच का रुख बदल सकते हैं।

दूसरी ओर एलएसजी के सहायक कोच लांस क्लूजनर ने कहा कि इस सीजन टीम की गेंदबाजी में सुधार देखने को मिला है, जो उनकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि लगातार दो जीतों से टीम का मनोबल बढ़ा है और खिलाड़ी लय में हैं।
क्लूजनर ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर भरोसा जताते हुए कहा कि निकोलस पूरन, एडेन मार्करम और मिचेल मार्श जैसे खिलाड़ी किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं।
इकाना की मिक्स सॉइल पिच पर स्पिन और तेज गेंदबाजों दोनों को मदद मिलने की संभावना है, जिससे मुकाबला रोमांचक रहने की उम्मीद है। एलएसजी घरेलू मैदान का फायदा उठाना चाहेगी, जबकि गुजरात जीत की लय को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।
ये भी पढ़ें : यूपी के रिजवी ने पलटा मैच, दिल्ली की शानदार जीत, LSG की घर में हार













