53वीं श्रीमती सुंदरी देवी अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरुवार को श्री जय नारायण मिश्रा पीजी कॉलेज मैदान पर खेले गए क्वार्टर फाइनल में जेएनपीजी कॉलेज और क्रिश्चियन पीजी कॉलेज ने जीत के साथ सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
पहले मुकाबले में श्री जय नारायण मिश्रा पीजी कॉलेज ने डीएवी पीजी कॉलेज को 70 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जेएनपीजी कॉलेज ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 154 रन बनाए।
53वीं श्रीमती सुंदरी देवी अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता
प्रवीण यादव (32), प्रखर तिवारी (30), अभिषेक सोनी (28), आर्यन शर्मा (13) और विवेक सिंह (11) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। डीएवी पीजी कॉलेज की ओर से आदित्य ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि आशु ने 47 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
जेएनपीजी कॉलेज की 70 रन से जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएवी पीजी कॉलेज की टीम 11.2 ओवर में 5 विकेट पर 84 रन ही बना सकी। वरुण शर्मा (21) और ध्रुव सिंह (19) ने संघर्ष किया। हर्षवर्धन सिंह ने 2 विकेट लिए।
इसके बाद शेष बल्लेबाज मैदान पर नहीं उतरे और जेएनपीजी कॉलेज को 70 रन से विजेता घोषित किया गया। अभिषेक सोनी को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। यह पुरस्कार प्रोफेसर मधु गौड़ ने प्रदान किया।
क्रिश्चियन पीजी कॉलेज की दमदार जीत
एक अन्य क्वार्टर फाइनल में क्रिश्चियन पीजी कॉलेज ने शिया पीजी कॉलेज को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिश्चियन पीजी कॉलेज ने 19.4 ओवर में 133 रन बनाए।
आर्यन ने 35 गेंदों पर 54 रन (8 चौके, 1 छक्का) की शानदार पारी खेली, जबकि रेमन सिंह ने 38 रन का योगदान दिया। शिया पीजी कॉलेज की ओर से अजय यादव ने 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट झटके और कुशाग्र ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए।
134 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शिया पीजी कॉलेज की टीम 17.3 ओवर में 96 रन पर सिमट गई। आकाश (26) और रिज़वान अली (19) ने कुछ प्रतिरोध दिखाया।
क्रिश्चियन कॉलेज की ओर से आर्यन और प्रशांत ने दो-दो विकेट हासिल किए। आर्यन क्षितिज को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार डॉ. अंशुमाली शर्मा ने प्रदान किया।
ये भी पढ़ें : यूपी के हर मंडल में बनेगा स्पोर्ट्स कॉलेज, तैयार होंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस











