काशी किंग्स की जीत की ‘हैट्रिक’, खिताब के लिए मजबूत की दावेदारी

0
23

लखनऊ। काशी किंग्स ने ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ में दमदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जीत की हैट-ट्रिक लगाते हुए नाकआउट के लिए मजबूत दावेदारी कर दी।

यूपी प्रो हैंडबॉल लीग

काशी किंग्स ने खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल की बदौलत गाजियाबाद पैंथर्स को 24-19 से शिकस्त देते हुए तालिका में शीर्ष पर अपनी पकड़ बना ली। वहीं गोरखपुर राउडीज़ की टीम मथुरा ब्रजस्टार को हराकर तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। एक अन्य मैच में बर्बरीक वॉरियर्स ने नोएडा ब्लास्टर्स के खिलाफ वापसी करते हुए पहली जीत का स्वाद चखा।

गोरखपुर राउडीज़ की दमदार दूसरी जीत, बर्बरीक वॉरियर्स ने खोला खाता

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आदि योगी प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेली जा रही लीग का टाइटल स्पांसर टाटा कैपिटल है।

तीसरे दिन पहले मैच में काशी किंग्स ने खेल के हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए गाजियाबाद पैंथर्स पर दबाव बनाए रखा। जीत में स्टार खिलाड़ी अविनाश ने फिर कमाल दिखाया और प्रतिद्वंद्वी गोलकीपर को चकमा देते हुए सात गोल दागे।

हालांकि काशी की जीत के नायक गोलकीपर रजत खटकर बनकर उभरे जिन्हें मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ का पुरस्कार मिला। टीम ने पहले हॉफ में 14-10 की बढ़त बना ली जबकि विमलेश ने चार और अनीश यादव व मोहित ने तीन-तीन गोल किए। गाजियाबाद पैंथर्स से मोहित कुमार व संचिन ने पांच-पांच गोल किए लेकिन टीम की हार को टाल नहीं सके।

दूसरे मैच में बर्बरीक वॉरियर्स ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए नोएडा ब्लास्टर्स के खिलाफ 22-17 की जीत से खाता खोला। पहले हॉफ में नोएडा ने तेजी दिखाते हुए 11-6 की बढ़त बनाई। हालांकि बर्बरीक वॉरियर्स ने दूसरे हॉफ में आक्रामक रणनीति अपनाते हुए जीत अपने नाम की। टीम से मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर हसीन खान ने बेहतरीन तेजी दिखाई और सर्वाधिक 11 गोल दागे।

दिन के अंतिम मैच में गोरखपुर राउडीज़ ने मथुरा ब्रजस्टार को 32-25 से शिकस्त दी। मध्यांतर तक 15-12 की बढ़त बनाने वाली गोरखपुर के लिए पवन व क्रिशन ने आठ-आठ गोल किए। पवन मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर चुने गए। मथुरा ब्रजस्टार से निहाल ने सर्वाधिक 6 गोल दागे लेकिन मौके चूकने का खामियाजा टीम को हार से भुगतना पड़ा।

आज के मैचों में विशेष रुप से मौजूद रहे डीके शाही (डिप्टी एसपी, यूपी एसटीएफ) व सत्यवर्धन सिंह (रिसर्च ऑफिसर, साई टाप्स डिवीजन) ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर्स को पुरस्कार प्रदान किए।

इससे पहले लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने अतिथिगण का स्वागत किया। इस अवसर पर संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय, सचिव यशवीर सिंह व चयंक प्रधान, राष्ट्रीय हैंडबॉल कोच मोहम्मद तौहीद सहित अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहे।

चौथे दिन (12 अप्रैल) के मैच :
काशी किंग्स बनाम नोएडा ब्लास्टर्स – 2:15 PM
गाजियाबाद पैंथर्स बनाम मथुरा ब्रज स्टार – 3:40 PM
बर्बरीक वॉरियर्स बनाम गोरखपुर राउडीज़ – 5:00 PM

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here