आदित्य धर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने पिछले साल बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा था. अब इसकी अगली कड़ी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर जो माहौल बन रहा है, वह पहले पार्ट से भी बड़ा नजर आ रहा है.
दिलचस्प बात यह है कि इस बार फिल्म की चर्चा किसी प्रमोशनल इवेंट से नहीं, बल्कि टीवी की लोकप्रिय स्टार रुपाली गांगुली के उत्साह से और तेज हो गई है. घर-घर में ‘अनुपमा’ के नाम से मशहूर रुपाली गांगुली ने फिल्म के कुछ हिस्से पहले ही देख लिए हैं और खुलकर इसकी तारीफ की है.
स्वाभाविक तौर पर सवाल उठा कि क्या उन्हें स्पेशल स्क्रीनिंग दिखाई गई? दरअसल, इसके पीछे एक पारिवारिक कनेक्शन है. रुपाली के भाई विजय गांगुली इस फिल्म में कोरियोग्राफर हैं. वही विजय जिन्होंने पहले पार्ट के सुपरहिट गाने ‘शरारत’ और फ्लिपराची के वायरल ट्रैक ‘FA9LA’ को डिजाइन किया था.
एक बातचीत में रुपाली ने खुलासा किया कि एडिटिंग के दौरान विजय ने उन्हें वीडियो कॉल पर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के कुछ सीन दिखाए. रुपाली ने कहा, “मैंने ‘धुरंधर’ को दो बार थिएटर में देखा. क्या फिल्म है! मैं सेकंड पार्ट का इंतजार नहीं कर सकती. कल ही मैंने कुछ बिट्स एंड पीसेस देखे. विजय कुछ एडिट कर रहे थे.
उन्होंने कहा, ‘ये शॉट देखो, ये शॉट देखो’… ओह, क्या शॉट था. मैंने उनसे रिवाइंड करके वो सीन दोबारा दिखाने को कहा. हर फ्रेम कमाल है.” उनके इस बयान ने फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है.
रुपाली ने यह भी बताया कि पहले पार्ट के समय विजय इस बात को लेकर चिंतित थे कि कहीं ‘शरारत’ गाना दर्शकों को पसंद न आए. तब रुपाली ने आत्मविश्वास से कहा था, “क्या तुम पागल हो? ये गाना सुपर-डुपर हिट होगा.” वक्त ने उनकी बात सच साबित की और वह ट्रैक फिल्म का आइकॉनिक हिस्सा बन गया.
अब ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च को ईद और गुड़ी पड़वा के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रणवीर सिंह के साथ इस बार कई बड़े स्टार्स भी नजर आएंगे. फिल्म हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में भी रिलीज होगी, जिससे इसकी पहुंच और ज्यादा व्यापक हो जाएगी.
5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर अभूतपूर्व प्रदर्शन किया था. इस स्पाई एक्शन थ्रिलर में रणवीर सिंह ने भारतीय जासूस हमजा अली मज़ारी (असली नाम जसकीरत सिंह रंगी) का किरदार निभाया था, जो पाकिस्तान में अंडरकवर मिशन पर था.
अक्षय खन्ना ने खलनायक रहमान डकैत का रोल निभाया, जबकि संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं अदा कीं. फिल्म ने दुनिया भर में 1,349 करोड़ से ज्यादा की कमाई की, जिसमें भारत में 894 करोड़ नेट (1,056 करोड़ ग्रॉस) शामिल हैं. यह 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी. नेटप्लिक्स पर रिलीज होने के बाद भी इसने नंबर 1 की पोजीशन हासिल की. पाकिस्तान में बैन होने के बावजूद वहां भी यह चार्ट्स टॉप पर पहुंची.
ये भी पढ़े : धुरंधर: द रिवेंज के टीजर में रणवीर सिंह के दोहरे किरदार ने जीता फैंस का दिल












