गोरखपुर। लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा आयोजित, मंडल क्रिकेट संघ से संबद्ध तथा उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ से मान्यता प्राप्त 11वीं आल इंडिया टी20 प्राइज मनी लक्ष्य चैम्पियंस ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन शनिवार को रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर हुआ।
उद्घाटन के दिन खेले गए मुकाबलों में लखनऊ और इंदौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर दो-दो अंक अर्जित किए।
पूल-ए के तहत खेले गए पहले मुकाबले में पूर्वोत्तर रेलवे ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शौर्य क्लब इंदौर ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 159 रन बनाए। इंदौर की ओर से अमन यादव ने 46 रन, सागर शर्मा ने 28 रन और अभिषेक यादव ने 16 रन का योगदान दिया।
11वीं आल इंडिया टी20 प्राइज मनी लक्ष्य चैम्पियंस ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से कार्तिकेय सिंह और प्रशांत अवस्थी ने 3-3 विकेट लिए, जबकि अटल और साहब युवराज को 1-1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूर्वोत्तर रेलवे की टीम इंदौर के गेंदबाज विवेक सिंह की घातक गेंदबाजी के आगे 79 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से शुभम चौबे और सौरभ दुबे ने 25-25 रन बनाए।
इंदौर की ओर से विवेक सिंह ने 4 विकेट, जबकि अभिषेक यादव और अरुण त्यागी ने 2-2 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार विवेक सिंह को रोशन लाल यादव और मनोज पांडेय ने प्रदान किया।
पूल-ए के ही दूसरे मुकाबले में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। लखनऊ के गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी के सामने उत्तराखंड की टीम 18.2 ओवर में 94 रन पर ऑलआउट हो गई।
उत्तराखंड की ओर से संस्कार रावत ने 19 रन, नीरज सिंह ने 16 रन तथा चेतन और अभय ने 13-13 रन बनाए।लखनऊ की ओर से रोहित द्विवेदी ने 3 विकेट, जबकि अजीत वर्मा और आतिफ ने 2-2 विकेट हासिल किए। जवाब में लखनऊ ने लक्ष्य को 12.1 ओवर में 3 विकेट खोकर प्राप्त कर लिया।
प्रियांशु दुबे ने 31 रन, हिमांशु ने 27 रन और अजीत वर्मा ने 16 रन का योगदान दिया। उत्तराखंड की ओर से रविंद्र नेगी, अभय छेत्री और आकाश सैनी ने 1-1 विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अजीत वर्मा को डॉ. सतपाल सिसोदिया ने प्रदान किया।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गोरखपुर के मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : गोरखपुर में टी-20, लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी में भिड़ेंगी देश की आठ प्रमुख टीमें
ये भी पढ़ें : सहगल क्लब, नई दिल्ली ने लगातार दूसरी बार जीती लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी
अतिथियों का स्वागत लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष डॉ. राजेश यादव ने बुके भेंट कर तथा सचिव डॉ. त्रिलोक रंजन ने बैज लगाकर किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और ट्रॉफी का अनावरण किया।
अतिथियों को स्मृति चिन्ह उपाध्यक्ष संतोष त्रिपाठी, मनीष सिंह, सचिव डॉ. मुदित गुप्ता एवं डॉ. अभिषेक यादव द्वारा भेंट किए गए। समारोह का संचालन संरक्षक हर्ष सिन्हा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मुदित गुप्ता ने किया।
23 फरवरी के मुकाबले
- पहला मैच: उत्तराखंड बनाम इंदौर — रेलवे क्रिकेट ग्राउंड, प्रातः 9:00 बजे
- दूसरा मैच: पूर्वोत्तर रेलवे बनाम लखनऊ — रेलवे क्रिकेट ग्राउंड, दोपहर 12:00 बजे










