इंजरी टाइम में सांगा का गोल, चनमारी एफसी की 2-1 से जीत

0
40

आइजोल : लालरुआत सांगा के इंजरी टाइम में किए गए निर्णायक गोल की बदौलत चनमारी एफसी ने इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 के मुकाबले में शनिवार को राजीव गांधी स्टेडियम में श्रीनिधि डेक्कन एफसी को 2-1 से हरा दिया।

इंडियन फुटबॉल लीग

इस जीत के साथ नव-प्रमोटेड चनमारी एफसी को सीजन की पहली जीत मिली और टीम अस्थायी रूप से चार अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। वहीं श्रीनिधि डेक्कन तीनअंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

चनमारी एफसी के मुख्य कोच विक्टर लालबिया कमाविया ने अपनी शुरुआती एकादश में एक बदलाव करते हुए ब्राजीलियाई फॉरवर्ड जाओ विटोर डी पाउला मोराइस (जोटा) को एरॉन वानलालरिनछाना की जगह आक्रमण की जिम्मेदारी दी।

चनमारी एफसी – 2 (जाओ मोराइस 60’, लालरुआत सांगा 90+3’)

दूसरी ओर श्रीनिधि डेक्कन के कोच कार्लोस मैनुअल वाज पिंटो को मजबूरी में बदलाव करना पड़ा और चोटिल भास्कर रॉय की जगह गोलकीपर के रूप में आर्यन नीरज लांबा को मौका दिया गया। मैच के शुरुआती 15 मिनट धीमी गति से खेले गए, जहां दोनों टीमें गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने पर ध्यान दे रही थीं और हमले करने से बच रही थीं।

जैसे-जैसे पहला हाफ आगे बढ़ा, श्रीनिधि डेक्कन ने खेल पर पकड़ बना ली और अधिकांश समय तक दबदबा बनाए रखा। मेहमान टीम को बढ़त बनाने के दो बेहतरीन मौके भी मिले, लेकिन हार्दिक भट्ट और फैब्रिस काह एक-एक करके आमने-सामने की स्थिति में गोल करने से चूक गए।

श्रीनिधि डेक्कन एफसी – 1 (पाउलो सेज़र परेरा दोस सैंटोस 80’)

इसी वजह से हाफ टाइम तक मुकाबला गोलरहित रहा। दूसरे हाफ में खेल के रुख के विपरीत चनमारी एफसी ने 60वें मिनट में बढ़त हासिल कर ली। श्रीनिधि की डिफेंस की गलती का फायदा उठाते हुए सुवांगाइ हमुआना ने शानदार पास दिया, जिस पर जोटा ने बेहतरीन फिनिश करते हुए गोलकीपर को कोई मौका नहीं दिया और स्कोर 1-0 कर दिया।

गोल खाने के बाद श्रीनिधि डेक्कन ने आक्रामक रुख अपनाया और 80वेंमिनट में बराबरी का गोल कर दिया। सब्स्टीट्यूट के रूप में मैदान पर आए पाउलो सेज़र परेरा दोस सैंटोस ने हार्दिक भट्ट के सटीक क्रॉस पर शानदार हेडर लगाकर टीम को 1-1 से बराबरी दिला दी।

जब अतिरिक्त समय के पांच मिनट घोषित हुए, तब लग रहा था कि मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त होगा। लेकिन चनमारी एफसी ने आखिरी क्षणों में मैच का पासा पलट दिया।

इंजरी टाइम के तीसरे मिनट (90+3’) में सब्स्टीट्यूट लालरुआत सांगा ने जोटा के सटीक पास पर शानदार फिनिश करते हुए गोल किया और चनमारी एफसी को 2-1 से यादगार जीत दिला दी।

ये भी पढ़ें : गोकुलम केरल की बढ़त पर नामधारी ने फेरा पानी, मैच 1-1 से ड्रॉ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here