लखनऊ सुपर जायंट्स को मुकुल चौधरी के रूप में एक नया स्टार जरूर मिला है, लेकिन आईपीएल में रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले उसके घरेलू मैदान पर खराब रिकॉर्ड एक बड़ी चिंता बना हुआ है। एलएसजी और गुजरात टाइटंस दोनों ने अपने पिछले मुकाबले जीते हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा होगा।
गुजरात ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक रन से रोमांचक जीत हासिल कर इस सीजन में अपना खाता खोला। वहीं एलएसजी ने सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को उनके घरेलू मैदान पर हराकर शानदार प्रदर्शन किया।

इसके बावजूद, इकाना क्रिकेट स्टेडियम में एलएसजी का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है। अगर उसे इस मैदान को अपना मजबूत किला बनाना है, तो उसे खेल के हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। पिछले सीजन में उसने यहां खेले गए आठ में से छह मैच गंवाए थे, जिनमें लगातार पांच हार भी शामिल थीं। यही वजह रही कि टीम पिछले साल सातवें स्थान पर रही। कुल मिलाकर, इस मैदान पर खेले गए 22 मैचों में से एलएसजी ने सिर्फ नौ में जीत दर्ज की है।
मौजूदा सत्र में भी घरेलू मैदान पर पहले मुकाबले में उसके बल्लेबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और दिल्ली कैपिटल्स ने उसे 141 रन पर समेटकर छह विकेट से जीत हासिल की। यह इस सीजन में एलएसजी का अपने घर पर दूसरा मैच होगा और टीम अपने जीत के रिकॉर्ड को सुधारने के लिए पूरी तरह से तैयार और उत्सुक नजर आ रही है।

केकेआर के खिलाफ एलएसजी का पिछला मुकाबला खास तौर पर यादगार रहा, जिसमें मुकुल चौधरी के रूप में एक नए ‘फिनिशर’ का उदय हुआ। राजस्थान के 21 वर्षीय बल्लेबाज मुकुल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपने आदर्श महेंद्र सिंह धोनी के मशहूर हेलीकॉप्टर शॉट समेत कई शानदार शॉट लगाए और सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।
एलएसजी के लिए एक और सकारात्मक खबर आयुष बडोनी की फॉर्म में वापसी है, जिन्होंने केकेआर के खिलाफ अर्धशतक जमाया। इस तरह टीम का बल्लेबाजी क्रम अब काफी मजबूत दिख रहा है, जिसमें मिचेल मार्श, एडन मार्क्रम, कप्तान ऋषभ पंत और निकोलस पूरन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
यह मुकाबला दोपहर में खेला जाएगा और यहां की धीमी पिच पर गुजरात के राशिद खान और वाशिंगटन सुंदर का सामना करना आसान नहीं होगा। राशिद ने दिल्ली के खिलाफ 17 रन देकर तीन विकेट लिए थे और टीम की एक रन से जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
पिछले साल राशिद का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, जिसके चलते उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था, लेकिन पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया। गुजरात टाइटंस के लिए इंग्लैंड के अनुभवी खिलाड़ी जोस बटलर की फॉर्म में वापसी और कप्तान शुभमन गिल का चोट से उबरकर अर्धशतक लगाना भी सकारात्मक संकेत हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान), मिचेल मार्श, एडन मार्क्रम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, शाहबाज़ अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नोर्किया, नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान
दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, माधव तिवारी, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विप्राज निगम, मिचेल स्टार्क, त्रिपुराना विजय, डेविड मिलर, बेन डकेट, औकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, टी नटराजन, अजय जादव मंडल, साहिल पारख













