एप्लॉम्ब द्वारा आयोजित दि फ्रेंड्स कप में मेंस सिंगल्स (30+ आयु वर्ग) सेमीफाइनल का मैराथन मुकाबला – मेजर निर्भय सिंह सोइन की शानदार जीत

0
21

लखनऊ। उत्तर प्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में आयोजित एवं इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) से संबद्ध दि फ्रेंड्स कप टेनिस टूर्नामेंट के मेंस सिंगल्स 30+ आयु वर्ग में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में दर्शकों को एक रोमांचक और बेहद प्रतिस्पर्धात्मक मैच देखने को मिला। मुकाबले में प्रथम वरीयता प्राप्त मेजर निर्भय सिंह सोइन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंदी अभिषेक यादव को हराकर फाइनल में जगह बनाई।

लगभग साढ़े तीन घंटे से अधिक समय तक चले इस मैराथन मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मेजर निर्भय सिंह सोइन ने धैर्य और अनुभव का परिचय देते हुए मुकाबले को 6-4, 5-7 और निर्णायक टाई-ब्रेक में 10-6 से अपने नाम किया। मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शक अंत तक रोमांचित बने रहे।

विशेष रूप से टाई-ब्रेक में मेजर सोइन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए निर्णायक बढ़त बनाई और जीत सुनिश्चित की। इस जीत के साथ मेजर निर्भय सिंह सोइन ने टूर्नामेंट के मेंस सिंगल्स 30+ आयु वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उनसे एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

45+ मेन्ज़ डबल्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हृदयेश पाल की चतुर्थ वरीय जोड़ी ने अपने प्रतिद्वंदी को 6-4, 6-2 से हराया। 60+ मेंस डबल्स वर्ग के अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब गैर वरीय जोड़ी अजीत कुमार दुबे और नवीन चरण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष वरीय जोड़ी अनिल कुमार और लक्ष्मण सिंह को सीधे सेटों में हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

अजीत कुमार दुबे और नवीन चरण की जोड़ी ने पूरे मुकाबले में बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने अनुभवी प्रतिद्वंदियों को 6-4, 6-3 से पराजित करते हुए दर्शकों को चौंका दिया।

35+ मेंस सिंगल्स में गोविंद प्रसाद मौर्य ने अभिषेक कुमार यादव को 6-2, 6-4 से मात देकर फ़ाइनल मुकाबले में प्रवेश किया, एवं वहीं मेंस डबल्स मुकाबले में गोविंद प्रसाद मौर्य व सैयद शकीब अनवर की जोड़ी ने अभिषेक कुमार यादव व रुचित भार्गव की जोड़ी को 6-4, 6-4 से हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here