लखनऊ। हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन तथा सेक्टर-25 इंदिरा नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से रामायण पार्क, सेक्टर-25, इंदिरा नगर, लखनऊ में “होली मिलन समारोह एवं महिला सम्मान 2026” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया।
फूलों की होली के साथ सामाजिक एकता और महिला सशक्तिकरण का उत्सव
कार्यक्रम परम पूज्य बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आशीर्वाद से “एक भारत, श्रेष्ठ भारत, सर्वप्रथम भारत” की भावना को समर्पित रहा।
“एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना के साथ मनाया गया होली मिलन समारोह एवं महिला सम्मान 2026
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल, विधायक जय देवी कौशल, विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, सदस्य विधान परिषद मुकेश शर्मा एवं पवन कुमार सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद कौशल किशोर, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, पार्षद भृगुनाथ शुक्ला तथा युवा समाजसेवी नीरज सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथियों तथा हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट, लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन और सेक्टर-25 इंदिरा नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारीगण एवं सदस्यगणों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी हर्ष वर्धन अग्रवाल ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और समावेशी विकास के लिए महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह आयोजन उन महिलाओं के सम्मान का मंच है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज को प्रेरित किया है तथा समाज में सेवा, समर्पण और सशक्तिकरण की मिसाल प्रस्तुत की है।
हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की न्यासी डॉ. रूपल अग्रवाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज में सकारात्मक बदलाव की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। प्रतिभाशाली और समर्पित महिलाओं को सम्मानित करने से समाज में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होता है।
इस अवसर पर सेक्टर-25 इंदिरा नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एस. के. श्रीवास्तव तथा कार्यकारी अध्यक्ष सुनीता जिंदल ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकता, सांस्कृतिक सौहार्द और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत बनाते हैं।
लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी समाज में नेतृत्व, नवाचार और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण “महिला सम्मान 2026” रहा, जिसके अंतर्गत समाज, शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, पत्रकारिता एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सरिता शर्मा, डॉ. तारु सक्सेना, प्रो. मंजुला उपाध्याय, निशा गुप्ता, प्रो. (डॉ.) अपर्णा मिश्रा, प्रो. (डॉ.) मंजू अग्रवाल, आकांक्षा अस्थाना, श्रीमती अनामिका यादव, इंदु भदौरिया, रचना गोविल, स्निग्धा रितेश, डॉ. शुभा शुक्ला, डॉ. अंजली गुप्ता, मेजर अंजना श्रीवास्तव तथा प्रो. (डॉ.) वीना सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहीं। सभी सम्मानित महिलाओं को स्मृति-चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में गणेश वंदना, भगवान नृसिंह होलिका दहन का मंचन, देश भक्ति पर आधारित नाट्य प्रस्तुति तथा एमिटी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, काव्य-पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अलका निवेदन एवं सुश्री मनीषा पांडे ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों ने फूलों की होली खेलकर प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया। आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।













