मोहन बागान एसजी ने सीज़न ओपनर में केरल ब्लास्टर्स की चुनौती की आसानी से पार

0
20

कोलकाता : डिफेंडिंग चैंपियन मोहन बागान सुपर जायंट ने इंडियन सुपर लीग 2025-26 की शुरुआत शानदार अंदाज़ में करते हुए विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (वीवाईबीके) में केरल ब्लास्टर्स एफसी को 2-0 से हराया। पहले हाफ में जेमी मैकलारेन (36’) और दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में टॉम एल्ड्रेड (90’+6) के गोल ने मेरिनर्स को सीज़न का पहला तीन अंक दिलाया।

मोहन बागान एसजी – 2 (मैकलारेन 36’, एल्ड्रेड 90’+6) केरल ब्लास्टर्स एफसी – 0

मुख्य कोच सर्जियो लोबेरा ने अपने पहले मुकाबले में दिमी पेट्राटोस, जेमी मैकलारेन और अल्बर्टो रोड्रिगेज जैसे भरोसेमंद खिलाड़ियों को उतारते हुए मजबूत शुरुआती एकादश चुनी। नए साइनिंग मेहताब सिंह, रॉब्सन दा सिल्वा और अमेय रणावड़े मैचडे स्क्वॉड में शामिल रहे।

दूसरी ओर, डेविड कैटाला ने अपने पहले आईएसएल मैच में अपेक्षाकृत युवा टीम उतारी, जिसमें विदेशी खिलाड़ी ओउमार बा और विक्टर बर्टोम्यू ने पदार्पण किया, जबकि मिडफील्ड में वाई एबिंदास और रॉलिन बोर्गेस को मौका मिला।

पहले हाफ में मोहन बागान ने गेंद पर अधिक नियंत्रण रखा। अनिरुद्ध थापा और लालेंगमाविया राल्ते (अपुइया) ने मिडफील्ड को मजबूती दी, जिससे रॉब्सन और लिस्टन कोलाको को विंग से आक्रमण के अवसर मिले। दिमी पेट्राटोस ने अपनी पसंदीदा नंबर 10 की भूमिका में खेलते हुए मैकलारेन के पीछे आक्रमण को धार दी। शुरुआती मिनटों में पेट्राटोस को बॉक्स के अंदर मौका मिला, लेकिन उनका शॉट लक्ष्य से बाहर चला गया।

लगातार दबाव के बावजूद केरल ब्लास्टर्स की सघन रक्षापंक्ति को तोड़ना आसान नहीं था। हालांकि, वाटर ब्रेक के बाद मोहन बागान को बढ़त मिल गई। पेट्राटोस ने बॉक्स के भीतर मैकलारेन को सटीक पास दिया, और ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर ने एइबन डोहलिंग को छकाते हुए बाएं पैर से शांत और सटीक फिनिश कर सीज़न का पहला गोल दागा। पहले हाफ के अंत तक मोहन बागान ने कुल दस शॉट लगाए, जिनमें छह निशाने पर थे।

दूसरे हाफ की शुरुआत में कैटाला ने नाओचा सिंह और मार्लोन ट्रूजिलो को मैदान में उतारा, जबकि मोहन बागान की ओर से सुभाषिश बोस की जगह अमेय रणावड़े आए। दूसरे हाफ में भी मेरिनर्स ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लंबे समय तक पजेशन रखकर ब्लास्टर्स को अपने ही हाफ में रक्षात्मक खेलने पर मजबूर किया।

मैच के अंतिम चरण में केरल ब्लास्टर्स ने वापसी की कोशिश की। केविन योके के आने से विंग पर गति और ड्रिब्लिंग का असर दिखा, लेकिन वे विषाल कैथ की रक्षा पंक्ति को भेदने में सफल नहीं हो सके। अंततः इंजरी टाइम में मोहन बागान ने मुकाबले पर मुहर लगा दी।

अनिरुद्ध थापा की फ्री-किक पर टॉम एल्ड्रेड ने जोरदार हेडर लगाते हुए सचिन सुरेश को छकाया और स्कोर 2-0 कर दिया। जेमी मैकलारेन को उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here