लखनऊ। मेजर निर्भय सिंह सोईन ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए उत्तर प्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन से संबद्ध एप्लॉम्ब द्वारा आयोजित ‘द फ्रेंड्स कप मास्टर्स प्रतियोगिता के 30 वर्ष के अधिक आयु वर्ग में खिताबी जीत दर्ज की।
इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन मास्टर्स प्रतियोगिता
पुरुष 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में अर्जुन चिताले और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में सुनील कुमार को दोहरी सफलता मिली। महिला 30 वर्ष के अधिक आयु वर्ग में सलोनी ने जलवा बिखेरा।
पद्मश्री मुहम्मद शाहिद स्टेडियम में आयोजित की गई प्रतियोगिता का समापन सीनियर आईपीएस अफसर डीजी सीआईडी एवं साइबर क्राइम बीके सिंह एवं निदेशक खेल डॉ. आरपी सिंह ने किया। प्रतियोगिता में भारत सहित अन्य देशों के 195 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 19 महिलाएं भी थीं।
महिला 30 वर्ष के अधिक आयु वर्ग में सलोनी का जलवा
फ्रेंड्स कप में 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग पुरुष वर्ग में मेजर निर्भय सिंह सोईन का दोहरा खिताब जीतने का प्रयास सफल नहीं रहा। एकल फाइनल में शीर्ष वरीय मेजर निर्भय सिंह सोईन ने फाइनल में रवि शंकर 6-2, 6-0 से हराया। डबल्स में अभिषेक यादव व पुष्पेंद्र शर्मा की शीर्ष वरीय जोड़ी ने निर्भय सिंह सोईन व शुभम सलूजा को हरा दिया।
पुरुष एकल 35 वर्ष के अधिक आयु वर्ग के फाइनल में गोविंद प्रसाद मौर्य को आशीष अवस्थी के मैच के दौरान 4-0 के स्कोर पर रिटायर होने से विजेता घोषित किया गया। डबल्स के फाइनल में गोविन्द प्रसाद मौर्य व सैयद शाकिब अनवर ने सैफ इकबाल व आदित्य नारायण की जोड़ी को 6-4, 6-4 से पराजित किया।
पुरुष एकल 40 वर्ष के अधिक आयु वर्ग के मैराथन फाइनल में सुनील कुमार ने शानदार उलटफेर किया। उन्होंने शीर्ष वरीय अंकुर कपूर को 5-7, 6-2, (10-8) से हराया। डबल्स में नितिन गुप्ता व सुनील कुमार की जोड़ी ने शीर्ष वरीय अंकुर कपूर व आदित्य कपूर को 5-7, 6-3 (10-6) से हराकर खिताब पर कब्जा किया।
पुरुष सिंगल्स 45 वर्ष अधिक आयु फाइनल मुकाबले में शीर्ष वरीय अनुभवी खिलाड़ी स्वर्णदीप सिंह ढोडी ने अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी अरिंदम देब को 6-3, 6-2 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
पुरुष 40 वर्ष में सुनील कुमार और 50 वर्ष से अधिक में अर्जुन चिताले को दोहरे खिताब
डबल्स फाइनल में सत्य पाठक व दिनेश चंद्र सुयाल ने पहले सेट में पिछड़ने के बाद आकाश साहू व अनुज सक्सेना की जोड़ी को 2-6, 6-2 (10-8) से हराया।
पुरुष सिंगल्स 50 वर्ष के फाइनल में अर्जुन चिताले ने बड़ा उलटफेर करते हुए अपने प्रतिद्वंदी शीर्ष वरीय खिलाड़ी मनीष मेहरोत्रा को एकतरफा चले मैच में 6-1, 6-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
डबल्स फाइनल में अर्जुन चिताले व सुमित धपोला की जोड़ी ने बड़ा उलटफेर करते हुए अपने प्रतिद्वंदी अरुण कटारिया व अवनीश चंद्र रस्तोगी की शीर्ष वरीय जोड़ी को रोमांचक मुकाबले में 6-4, 5-7 (10-4) से हराकर खिताब पर कब्जा किया।
पुरुष सिंगल्स 55 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में शीर्ष वरीय आलोक भटनागर ने अपने प्रतिद्वंदी विश्वास वर्मा पर पहले सेट में 6-1 से लीड ली एवं दूसरे सेट में विश्वास वर्मा के 2-0 के स्कोर पर मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रिटायर हो जाने से आलोक भटनागर को विजेता घोषित कर दिया गया।
डबल्स फाइनल में डॉक्टर भरत दुबे व विश्वास वर्मा की गैर वरीय जोड़ी ने बड़ा उलटफेर करते हुए द्वितीय वरीयता प्राप्त स्नेहशीष बेहरा व केडी सिंह की जोड़ी को 6-4, 6-0 से हराया।
पुरुष एकल 60 वर्ष के अधिक आयु वर्ग के फाइनल में बड़ा उलटफेर करते हुए लक्ष्मण सिंह ने शीर्ष वरीय खिलाड़ी अनिल कुमार को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-2 से हराया। डबल्स फाइनल में अजीत कुमार दुबे व नवीन चरण की गैर वरीय जोड़ी ने बड़ा उलटफेर करते हुए द्वितीय वरीयता प्राप्त पीयूष कुसुमवाल व एम मनीष की जोड़ी को 6-1, 6-2 से पराजित किया।
पुरुष सिंगल्स 65 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में अयाज शेख ने रमण लाल श्रीवास्तव को 6-2, 6-0 से और डबल्स में राजेश कुमार व रमण लाल श्रीवास्तव की गैर वरीय जोड़ी ने शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत लाल व अयाज शेख को 6-3, 7-6 (10-4) से हराकर खिताब पर कब्जा किया।
पुरुष सिंगल्स 70 वर्ष से अधिक आयु के फाइनल में शीर्ष वरीय खिलाड़ी योगेश शाह ने शैलेंद्र एस खण्डेलवाल को 7-5, 6-1 से और डबल्स फाइनल में सुधीर कुमार व योगेश शाह की प्रथम वरीय जोड़ी ने दीपक पाठक व अजय उपाध्याय को 3-6, 7-5 (10-4) से हराया।
महिला एकल 30 से अधिक आयु वर्ग के फाइनल में कड़ा संघर्ष देखने को मिला। इसमें शीर्ष वरीय सलोनी कुमारी ने रोमांचक मुकाबले में तरुका श्रीवास्तव को 7-6 (8), 6-4 से पराजित किया। डबल्स में विभा चौधरी व सलोनी कुमारी की जोड़ी ने विमुक्ति सिंह व अमिता मौर्य को 6-2, 6-3 से हराया।
महिला 40 वर्ष से अधिक के फाइनल मुकाबले में शीर्ष वरीय मंजू खरे ने प्रियंका भाटिया को 6-2, 6-0 से हराया और महिला सिंगल्स 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के फाइनल में शीर्ष वरीय विभा चौधरी ने विमुक्ति सिंह को 6-0, 6-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
मिक्स्ड डबल्स 30 वर्ष के फाइनल में में अभिषेक कुमार यादव व सलोनी कुमारी ने अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए समृद्धि सिंह व अभिषेक यादव की जोड़ी को हराकर खिताब पर कब्जा किया।
मिक्स्ड डबल्स 40 वर्ष के फाइनल में स्वर्णदीप सिंह धोडी व राशि शर्मा की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने सुनील कुमार व विमुक्ति सिंह को पराजित किया। मिक्स्ड डबल्स 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त आलोक भटनागर व विभा चौधरी की जोड़ी ने अनिल कुमार व मंजू खरे को हराया।
ये भी पढ़ें : निर्भय सोइन मैराथन जीत के साथ मेंस सिंगल्स 30+ के फाइनल में










