नोएडा ब्लास्टर्स ने किया उलटफेर, काशी किंग्स की जीत पर लगाया ब्रेक

0
48

लखनऊ। नोएडा ब्लास्टर्स ने ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ में रविवार को एक हाईवोल्टेज व तेज एक्शन भरे मुकाबले में बड़ा उलटफेर करते हुए होड़ को रोमांचक बना दिया।

नोएडा ब्लास्टर्स ने चौथे दिन शानदार खेल दिखाते हुए अब तक अजेय चल रही काशी किंग्स को 36-24 के अंतर से शिकस्त दी। दिन के अन्य मुकाबलों में गोरखपुर राउडीज़ ने तीसरी जीत दर्ज की, जबकि मथुरा ब्रज स्टार ने गाजियाबाद को हराकर जीत की राह पर वापसी की।

यूपी प्रो हैंडबॉल लीग

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आदि योगी प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेली जा रही लीग का टाइटल स्पांसर टाटा कैपिटल है।

आज नोएडा ब्लास्टर्स ने काशी किंग्स के खिलाफ 36-24 से जीत दर्ज की। नोएडा के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक तालमेल दिखाया। टीम की जीत में तौसीफ ने सर्वाधिक आठ गोल किए। जगमीत ने सात जबकि मिंटू व मनकेश ने 6-6 गोल किए।

काशी की ओर से मोहित ने 6 जबकि विमलेश व विपुल ने पांच-पांच गोल किए। नोएडा ने पहले हॉफ में 15-11 की बढ़त बना ली। हालांकि काशी किंग्स के खिलाड़ियों ने वापसी की कोशिश में कुछ अच्छे मूव बनाए लेकिन जीत फिर भी टीम से दूर रही। मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर नोएडा के ध्रुव जाधव चुने गए।

तीसरी जीत से गोरखपुर राउडीज़ का जलवा कायम, मथुरा ब्रज स्टार की जोरदार वापसी

वहीं गोरखपुर राउडीज़ ने बर्बरीक वारियर्स को 29-18 से हराकर लीग में तीसरी जीत अपने नाम की। गोरखपुर पहले हॉफ में 10-5 से आगे थी। टीम से क्रिशन ने सबसे ज्यादा नौ गोल किए जिन्हें मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर का पुरस्कार मिला। बर्बरीक वारियर्स से आमिर व अंशू ने चार-चार गोल दागे।

एक अन्य मैच में मथुरा ब्रज स्टार ने गाजियाबाद पैंथर्स को 29-18 से हराकर दूसरी जीत हासिल की। मथुरा की जीत में निहाल सिंह ने सर्वाधिक आठ गोल किए। उनका साथ देते हुए शिवा व रवि ने सात-सात गोल करने में सफलता हासिल की। मैच के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मथुरा के प्रदीप को मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर का पुरस्कार मिला।

ये भी पढ़ें : काशी किंग्स ने लगातार तीसरी जीत से खिताब के लिए मजबूत की दावेदारी

आज के मैचों के दौरान विशेष रुप से मौजूद रहे उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान सहित मानस श्रीवास्तव (ब्यूरो चीफ – न्यूज़-24), ⁠मनु लट्ठ (सीईओ – बी ओ होटल), विजय काजा (राष्ट्रीय हेड- टाटा कैपिटल) व मनोज पाल (रीजनल हेड – टाटा कैपिटल) ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर लीग के संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय, सचिव यशवीर सिंह व चयंक प्रधान सहित अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहे।

पांचवें दिन (13 अप्रैल) के मैच :
  • काशी किंग्स बनाम मथुरा ब्रज स्टार – 2:15 PM
  • नोएडा ब्लास्टर्स बनाम गोरखपुर राउडीज़ – 3:40 PM
  • गाजियाबाद पैंथर्स बनाम बर्बरीक वॉरियर्स – 5:00 PM

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here