बल्लेबाजों पर भारी पड़ी प्रसिद्ध की गेंदबाजी, गुजरात ने लखनऊ को 7 विकेट से रौंदा

0
32
© BCCI

तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (चार ओवर, 28 रन, चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर की बेहतरीन बल्लेबाजी से गुजरात टाइटंस ने आईपीएल मैच में रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से हरा दिया।

सुपर जायंट्स को 164 रन पर रोकने के बाद टाइटंस ने 165 रन बनाते हुए लक्ष्य आसानी से हासिल किया और चार मैचों में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। गिल ने 40 गेंदों में छह चौके और एक छक्के से 56 रन बनाए।

उन्होंने पहले विकेट के लिए साई सुदर्शन (15) के साथ 31 गेंदों में 45 रन और दूसरे विकेट के लिए बटलर (60) के साथ 58 गेंदों में 84 रन की अहम साझेदारी की। सुपर जायंट्स से दिग्वेश राठी, मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव को एक-एक विकेट मिला।

© BCCI

इससे पहले प्रसिद्ध को मोहम्मद सिराज (चार ओवर में 19 रन पर एक विकेट) और अशोक शर्मा (चार ओवर में 32 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला। कागिसो रबाडा को भी एक विकेट मिला, लेकिन उन्होंने चार ओवर में 54 रन दिए। राशिद खान ने चार ओवर में 25 रन खर्च किए।

सुपर जायंट्स के लिए एडेन मार्क्रम ने सबसे अधिक 30 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका। कप्तान ऋषभ पंत (18), निकोलस पूरन (19), अब्दुल समद (18) और मुकुल चौधरी (18) ने अच्छी शुरुआत के बावजूद अपने विकेट गंवा दिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए टाइटंस के सलामी बल्लेबाजों ने शुरुआत में संयमित खेल दिखाया और पहले चार ओवर में केवल 25 रन बनाए। गिल ने पांचवें ओवर में शमी के खिलाफ एक छक्का और तीन चौके लगाकर 20 रन बटोरे और इसी दौरान आईपीएल में अपने 4000 रन भी पूरे किए। अगले ओवर में राठी ने सुदर्शन को पहली ही गेंद पर आउट कर दिया। इसके बाद क्रीज पर आए बटलर ने उसी ओवर में चौका लगाकर टीम का स्कोर 50 रन तक पहुंचाया।

राठी के अगले ओवर में पंत ने बटलर का आसान कैच छोड़कर उन्हें जीवनदान दिया। गिल ने दूसरी ओर से जॉर्ज लिंडे के खिलाफ चौका लगाया, जबकि बटलर ने आवेश और राठी की गेंदों पर बेहतरीन शॉट खेलते हुए रन गति बढ़ाई।

गिल ने 12वें ओवर में आवेश खान के खिलाफ एक रन लेकर 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि बटलर ने उसी ओवर का अंत लगातार तीन चौकों के साथ किया। बटलर ने लिंडे की गेंद पर एक रन लेकर 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 क्रिकेट में उनका 100वां अर्धशतक है।

प्रिंस ने गिल को आउट किया और शमी ने बटलर को पवेलियन भेजकर सात गेंदों के भीतर दो विकेट लेकर मैच में वापसी की कोशिश की। हालांकि वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 21) और राहुल तेवतिया (नाबाद 10) ने टीम को जीत तक पहुंचा दिया। इससे पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी सुपर जायंट्स टीम की शुरुआत तेज रही। मिचेल मार्श (चार गेंद में 11 रन) ने रबाडा के ओवर में छक्का और चौका लगाया, लेकिन रबाडा ने उन्हें धीमी गेंद पर आउट करा दिया।

मारक्रम ने उसी ओवर का अंत चौके से किया, जिससे टीम ने 19 रन बनाए। दूसरी ओर से सिराज ने पंत को आउट कर टीम को बड़ा झटका दिया। मारक्रम ने अशोक की गेंद पर छक्का लगाकर छठे ओवर में टीम का अर्धशतक पूरा किया। पावरप्ले के बाद स्कोर दो विकेट पर 60 रन था।

मारक्रम को अगले ओवर में दो बार जीवनदान मिला, लेकिन अंततः प्रसिद्ध की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। प्रसिद्ध ने अगले ओवर में बडोनी को भी पवेलियन भेजा, जिसके बाद टीम की रन गति धीमी हो गई। आठवें से 12वें ओवर के बीच टीम ने केवल 18 रन बनाए।

समद ने रबाडा के खिलाफ लगातार चौके लगाकर बाउंड्री का सूखा खत्म किया, जबकि पूरन ने राशिद के खिलाफ लगातार छक्के लगाकर रन गति बढ़ाई। हालांकि प्रसिद्ध ने पूरन को आउट कर दिया। इसके बाद अशोक ने समद को चलता किया, जबकि मुकुल चौधरी भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और आउट हो गए। अंत में ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में आए जॉर्ज लिंडे (10 गेंद में 16 रन) और शमी (पांच गेंद में नाबाद 12 रन) ने आखिरी दो ओवरों में 33 रन जोड़कर टीम को 164 रन तक पहुंचाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here