लखनऊ। पिछले संस्करण की विजेता नवल टाटा ओडिशा ग्रासरूट टीम ने 36वीं करम आल इंडिया केडी सिंह बाबू सब जूनियर बालक (अंडर-14) प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट में हॉकी त्रिपुरा के खिलाफ 10-0 की एकतरफा जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
36वीं करम आल इंडिया केडी सिंह बाबू सब जूनियर बालक (अंडर-14) प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट
दूसरी ओर पिछली उपविजेता उत्तर प्रदेश करम ने मेजर ध्यानचंद हरियाणा को 10-0 से और हॉली वर्ल्ड स्पोर्ट्स अकादमी पंजाब ने जय हॉकी अकादमी, तमिलनाडु को 5-2 गोल से शिकस्त दी।
केडी सिंह बाबू सोसायटी के तत्वावधान में गोमतीनगर स्थित पद्मश्री मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम में तीसरे मुकाबले में गत विजेता नवल टाटा ओडिशा ग्रासरूट टीम ने हॉकी त्रिपुरा पर गोलों की बरसात करते हुए 10-0 गोल से एकतरफा जीत दर्ज की।
ओडिशा की ओर से अर्शित टोप्पो ने 37वें, 41वें और 58वें मिनट में तीन गोल दागे। उनका साथ देते हुए आलोक ओरम (31वां, 45वां और 47वां मिनट) ने भी तीन गोल किए। वहीं निर्मल मिंज ने 16वें व 23वें संदीप टोप्पो ने 31वें और 56वें मिनट में दो-दो गोल किए जबकि हॉकी त्रिपुरा गोल के लिए संघर्ष करती दिखी।
दिन के पहले मुकाबले में मेजबान यूपी करम ने मेजर ध्यानचंद हरियाणा पर पूरी तरह दबदबा बनाते हुए 10-0 गोल से एकतरफा जीत दर्ज की। टीम से पहले ही मिनट में अंशु पाल ने मैदानी गोल दागा जबकि 26वें मिनट में प्रांजल पाल ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल करते हुए टीम की बढ़त 2-0 कर दी।
फिर तीसरे क्वार्टर में कृष सिंह (39वां मिनट), सनी कुशवाहा (41वां), कप्तान मोहम्मद रियाज (42वां) और प्रांजल पाल (45वां मिनट) ने मैदानी गोल किए। चौथे और अंतिम क्वार्टर में अंशुल पाल ने 50वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। फिर देवांश चौरसिया ने 52वें और 55वें मिनट में और पृथ्वीराज चौहान ने 57वें मिनट में गोल दागा।
दूसरे लीग मैच में हॉली वर्ल्ड स्पोर्ट्स अकादमी, पंजाब ने जय हॉकी अकादमी, तमिलनाडु को 5-2 गोल से पराजित किया। पंजाब की ओर से सुखप्रीत सिंह ने 11वें और 14वें मिनट में दो गोल किए। प्रिंसपल सिंह, सिमरनजीत सिंह और कप्तान करनजीत सिंह ने एक-एक गोल दागा। तमिलनाडु की ओर से कृष्ण वर्मा और आर्यन ने एक-एक गोल किए।
इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि एम.फर्नांडीज (1980 ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट, अर्जुन अवार्डी) ने किया। इस अवसर पर केडी सिंह बाबृ सोसायटी के अध्यक्ष आईएएस अमित घोष, कुंवर धीरेंद्र सिंह, ओलंपियन सैयद अली व सुजीत कुमार, इमरानुल हक, मुकुल लाल शाह, गजेंद्र सिंह, राकेश टंडन, खुर्शीद अहमर, गुरुतोष पाण्डेय भी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें : घरेलू मैदान पर यूपी से उम्मीदें, नवल टाटा पर खिताब बचाने का दबाव













