नई दिल्ली: राजस्थान रीगल्स ने भारतीय पेशेवर गोल्फ में इतिहास रचते हुए शुक्रवार को क़ुतुब गोल्फ कोर्स, नई दिल्ली में खेले गए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई 72 द लीग पावर्ड बाई इंडसइंड बैंक के फाइनल में टेबल-टॉपर यूपी प्रोमेथियंस को 12-3 से हराकर उद्घाटन सत्र का खिताब अपने नाम कर लिया।
पाँच राउंड के लीग चरण के बाद दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंची राजस्थान रीगल्स ने इस जीत के साथ यूपी प्रोमेथियंस से अपनी पिछली हार का बदला भी ले लिया। लीग के पांचवें राउंड में प्रोमेथियंस ने राजस्थान को 10-4 से हराया था।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई 72 द लीग
खिताब जीतने वाली राजस्थान रीगल्स टीम को विभोर सोगानी द्वारा डिज़ाइन की गई 72 द लीग ट्रॉफी और एक करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली। उपविजेता UP प्रोमेथियंस को सिल्वर साल्वर और 50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।
फाइनल की शुरुआत सिंगल्स मुकाबलों से हुई। प्रोमेथियंस ने अपने दो मजबूत खिलाड़ियों कप्तान शौर्य भट्टाचार्य और अर्जुन प्रसाद को उतारा, लेकिन राजस्थान के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली। जैराज सिंह संधू ने शौर्य भट्टाचार्य को 4&3 से हराया, जबकि अक्षय शर्मा ने अर्जुन प्रसाद को 2&1 से मात दी।
इन दो जीतों के बाद राजस्थान को बाकी मुकाबलों में सिर्फ एक और जीत की जरूरत थी। यह काम फोरसम्स मुकाबले में आर्यमान मोहन और युवराज सिंह की जोड़ी ने किया, जिन्होंने जोशुआ सील और अर्जुन शर्मा को 1-अप से हराकर टीम को चैंपियन बना दिया। युवा खिलाड़ी आर्यमान मोहन ने अपनी टीम के लिए निर्णायक पुट लगाया।
बाकी फोरबॉल मुकाबलों में अभिनव लोहान और मनोज एस ने राजस्थान के कप्तान अजीतेश संधू और मिशेल ऑर्टोलानी को 3&2 से हराया। वहीं चिक्कारंगप्पा एस और ध्रुव श्योरन ने गौरव प्रताप सिंह और प्रणव मरदिकार को 2&1 से हराकर कुल स्कोर 12-3 कर दिया।
राजस्थान रीगल्स के कप्तान अजीतेश संधू ने कहा, “इस टीम की कप्तानी करना मेरे लिए गर्व की बात है। नीलामी के समय से ही मुझे लगा था कि हमारी टीम बहुत मजबूत है।
ये भी पढ़ें : लखनऊ के राजेश कुमार गौतम पीजीटीआई नेक्सजेन फिल्लौर ओपन चैंपियन
सबसे अच्छी बात यह रही कि टीम के सभी खिलाड़ियों के बीच शानदार तालमेल रहा। पिछले दो हफ्तों का सफर हमारे लिए बेहद यादगार रहा और इस जीत से बेहतर अंत नहीं हो सकता था।”
निर्णायक पुट लगाने वाले आर्यमान मोहन ने कहा कि वह उस समय काफी घबराए हुए थे। उन्होंने कहा, “चार फुट का पुट आम तौर पर हम रोज़ डालते हैं, लेकिन उस वक्त मेरे हाथ कांप रहे थे। शुक्र है कि युवराज ने मेरा हौसला बढ़ाया।”
वहीं यूपी प्रोमेथियंस के कप्तान शौर्य भट्टाचार्य ने कहा कि शायद यह उनका दिन नहीं था। उन्होंने कहा कि टीम पूरे टूर्नामेंट में अच्छा खेली और अगले साल और मजबूत वापसी करेगी।
इस टूर्नामेंट में चारमिनार चैंपियंस ने प्लेट चैंपियनशिप जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया और 20 लाख रुपये की इनामी राशि प्राप्त की। चौथे स्थान पर कोलकाता क्लासिक्स रही। दिलचस्प बात यह रही कि लीग चरण में चारमिनार और राजस्थान दोनों के 43 अंक थे, लेकिन काउंटबैक के आधार पर राजस्थान फाइनल में पहुंची थी।
फाइनल
राजस्थान रीगल्स ने UP प्रोमेथियंस को 12-3 से हराया
सिंगल्स
जैराज सिंह संधू ने शौर्य भट्टाचार्य को 4&3 से हराया
अक्षय शर्मा ने अर्जुन प्रसाद को 2&1 से हराया
फोरबॉल्स
अभिनव लोहान / मनोज एस ने मिशेल ऑर्टोलानी / अजीतेश संधू को 3&2 से हराया
चिक्कारंगप्पा एस / ध्रुव श्योरन ने गौरव प्रताप सिंह / प्रणव मरदिकार को 2&1 से हराया
फोरसम्स
आर्यमान मोहन / युवराज सिंह ने जोशुआ सील / अर्जुन शर्मा को 1-अप से हराया
प्लेट चैंपियनशिप
3rd – चारमिनार चैंपियंस – 122 अंक
4th – कोलकाता क्लासिक्स – 110 अंक
5th – मुंबई एसेस – 109 अंक
6th – नवा रायपुर – 109 अंक













