जयपुर: नाओबा मेइती के इंजरी टाइम में किए गए शानदार गोल की बदौलत राजस्थान यूनाइटेड एफसी ने गोकुलम केरल एफसी को 1-0 से हराकर स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 में अहम जीत दर्ज की। विद्याधर नगर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मेइती का देर से आया गोल निर्णायक साबित हुआ।
इंडियन फुटबॉल लीग
इस जीत के साथ राजस्थान यूनाइटेड 14 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया, जबकि गोकुलम केरल एफसी आठ अंकों के साथ सातवें स्थान पर बना हुआ है। नाओबा मेइती को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
राजस्थान यूनाइटेड के मुख्य कोच विक्रांत शर्मा ने अपनी शुरुआती एकादश में एक बदलाव करते हुए प्रांजल भूमिज को शामिल किया, जबकि गोकुलम केरल के कोच दिमित्रिस दिमित्रियू ने दो बदलाव किए, जिसमें गोलकीपर शिबिनराज कुन्नियिल की वापसी भी शामिल थी।
राजस्थान यूनाइटेड एफसी – 1 (नाओबा मेइती 90+11’) गोकुलम केरल एफसी – 0
मुकाबले की शुरुआत में गोकुलम केरल ने बेहतर प्रदर्शन किया। थाबिसो नेल्सन ब्राउन ने शुरुआती मिनटों में ही राजस्थान के कप्तान और गोलकीपर भाबिंद्र मल्ला ठाकुरी की परीक्षा ली, जबकि मेहमान टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा लेकिन साफ मौके नहीं बना सकी।
धीरे-धीरे राजस्थान यूनाइटेड ने खेल में वापसी की। 21वें मिनट में अमादौ सौकौना ने जोनाथन फर्नांडिस को मौका दिया, लेकिन वे निशाने पर नहीं लगा सके। इसके बाद सौकौना ने खुद भी गोलकीपर को चुनौती दी, जिससे मेजबान टीम का दबाव बढ़ने लगा।
पहले हाफ के अतिरिक्त समय में राजस्थान ने लगातार मौके बनाए। सौकौना का शॉट क्रॉसबार से टकराया, थोम्यो शिमरे का हेडर बचा लिया गया और फर्नांडिस का प्रयास भी शिबिनराज ने रोक दिया, जिससे हाफ टाइम तक स्कोर 0-0 रहा।
दूसरे हाफ में गोकुलम के पास बढ़त बनाने का मौका था, लेकिन ब्राउन खतरनाक क्रॉस से जुड़ नहीं सके। राजस्थान ने भी जवाबी हमले किए, जहां थोम्यो शिमरे लगातार खतरा बने रहे, लेकिन दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं।
73वें मिनट में गोकुलम के सब्स्टीट्यूट बेंजामिन थॉमस कुकू ने अच्छा मौका बनाया, लेकिन मल्ला ने शानदार बचाव कर स्कोर बराबर रखा। राजस्थान ने भी इसाक नॉर्टे और नाओबा मेइती के जरिए मौके बनाए, लेकिन सफलता नहीं मिली।
जब मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, तब 101वें मिनट में राजस्थान को जीत दिलाने वाला गोल आया। नाओबा मेइती ने बाएं किनारे से अंदर कट करते हुए दाएं पैर से जोरदार शॉट लगाया, जो गोलकीपर को चकमा देते हुए नेट में चला गया।
अंतिम क्षणों में गोकुलम ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन राजस्थान की मजबूत डिफेंस ने उन्हें सफल नहीं होने दिया और मेजबान टीम ने 1-0 से महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
ये भी पढ़ें : रूस दौरे पर भारत की U-17 महिला टीम, सोची में खेलेगी तीन अहम मैच
ये भी पढ़ें : दूसरे हाफ में पलटा मैच, डायमंड हार्बर ने रियल कश्मीर को हराया













