लखनऊ के राजेश कुमार गौतम पीजीटीआई नेक्सजेन फिल्लौर ओपन चैंपियन

0
32

फिल्लौर (पंजाब): लखनऊ के आर्मी गोल्फर राजेश कुमार गौतम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन खिलाड़ियों के बीच हुए रोमांचक प्लेऑफ में जीत दर्ज कर डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन फिल्लौर ओपन 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। यह टूर्नामेंट फिल्लौर के रंजीतगढ़ गोल्फ क्लब में खेला गया।

राजेश कुमार गौतम (70-67-70) ने प्लेऑफ में पंकज मांडिया (68-70-69) और आदित्य राज सिंह चाहल (69-69-69) को हराया। तीनों खिलाड़ी 54 होल के बाद छह अंडर 207 के समान स्कोर पर थे, जिसके बाद मुकाबला प्लेऑफ में पहुंच गया।

अंतिम राउंड में राजेश ने एक अंडर 70 का स्कोर बनाया जिसमें तीन बर्डी और दो बोगी शामिल थीं। तीसरे प्लेऑफ होल पर बर्डी लगाकर उन्होंने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

प्लेऑफ के पहले होल पर आदित्य राज सिंह चाहल बाहर हो गए। इसके बाद राजेश और पंकज के बीच मुकाबला जारी रहा। दूसरे होल पर दोनों ने पार किया, लेकिन तीसरे होल पर राजेश ने बर्डी लगाकर जीत पक्की कर ली।

इस जीत के साथ राजेश को ₹3,17,875 की इनामी राशि मिली और वे 2026 पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में तीसरे स्थान पर पहुंच गए।

इस टूर्नामेंट में संयुक्त उपविजेता रहे आदित्य राज सिंह चाहल अब ₹4,87,000 की कमाई के साथ ऑर्डर ऑफ मेरिट में पहले स्थान पर हैं। सनी सिंह तीन अंडर 210 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहे।

जीत के बाद राजेश ने कहा, “इस हफ्ते मेरी ड्राइविंग और आयरन शॉट्स काफी अच्छे रहे। आज मेरी पुटिंग भी बढ़िया रही। शुरुआत में बोगी हो गई थी लेकिन मैं लगातार झंडे के करीब गेंद रखने की कोशिश करता रहा। प्लेऑफ में काफी दबाव था लेकिन मैंने धैर्य बनाए रखा और आखिरकार जीत हासिल कर ली।”

उन्होंने आगे कहा कि यह जीत उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगी और अब उनका लक्ष्य इस साल नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट जीतना है ताकि अगले सीजन मुख्य टूर में जगह बना सकें। उन्होंने अपने यूनिट भारतीय सेना की 60 इंजीनियर रेजिमेंट का सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।

वहीं इस टूर्नामेंट के प्रेजेंटिंग पार्टनर आरएस गिल ने कहा कि इस प्रतियोगिता को लगातार दूसरे साल समर्थन देना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट युवा गोल्फरों के लिए एक अच्छा मंच बनता जा रहा है और फिल्लौर में राष्ट्रीय स्तर का आयोजन होना पंजाब के गोल्फ को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं के लिए सकारात्मक अवसर पैदा करते हैं। इससे न केवल स्थानीय प्रतिभा को बढ़ावा मिलता है बल्कि युवाओं को नशे जैसी समस्याओं से दूर रखने में भी मदद मिलती है।

ये भी पढ़ें : पहले ही महीने में बड़ा संकेत, डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई मजबूती की राह पर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here