लखनऊ: भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर और कमेंटेटर सबा करीम ने लखनऊ में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान क्रिकेट जगत के वर्तमान परिदृश्य पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने भारत-पाक मुकाबले, टीम इंडिया की ताकत, खिलाड़ियों की फिटनेस और कप्तानी सहित कई अहम विषयों पर विचार साझा किए।
करीम का कहना है कि मौजूदा समय में भारतीय टीम शानदार क्रिकेट खेल रही है और एशिया कप की प्रबल दावेदार है। भारत-पाक मुकाबला हमेशा रोमांचक और संवेदनशील रहा है।
इस पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “बीसीसीआई का स्टैंड स्पष्ट है – सरकार जो निर्णय लेगी, वही लागू होगा। क्रिकेट और राजनीति को अलग रखना आसान नहीं, लेकिन हमें राष्ट्रीय हित सर्वोपरि रखना चाहिए।”
पूर्व खिलाड़ी ने आईपीएल और टी20 लीग्स को भारतीय क्रिकेट की सबसे बड़ी क्रांति बताया। उनका कहना है कि आज के खिलाड़ियों को वह मौके मिल रहे हैं, जो उनके समय में केवल रणजी या घरेलू स्तर तक सीमित थे। आईपीएल ने नए खिलाड़ियों को पहचान और आत्मविश्वास दोनों दिया है।
फिटनेस के महत्व पर करीम ने कहा कि आधुनिक क्रिकेट पूरी तरह से फिटनेस-ड्रिवेन हो गया है। “आज के खिलाड़ी केवल तकनीक के दम पर नहीं बल्कि शारीरिक और मानसिक मजबूती के साथ खेलते हैं। यो-यो टेस्ट और ब्रोंको टेस्ट लगातार चुनौतीपूर्ण होते जा रहे हैं।”
भारतीय क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ कप्तान पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए करीम ने सौरव गांगुली का नाम लिया। उनके अनुसार, “गांगुली ने टीम में आत्मविश्वास पैदा किया और विदेशी धरती पर जीत का जज़्बा लाया। उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का अवसर मिला।”
सबा करीम की टिप्पणियाँ न केवल भारत-पाक मुकाबले के महत्व को रेखांकित करती हैं, बल्कि यह भी दर्शाती हैं कि टीम इंडिया की ताकत और आधुनिक क्रिकेट की चुनौतियाँ किस दिशा में बढ़ रही हैं।
ये भी पढ़ें : लखनऊ में सजी खेल हस्तियों की महफ़िल, सबा करीम को मिला विशेष सम्मान











