बिना बोगी के 62, टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ स्कोर से शौर्य भट्टाचार्य का दबदबा

0
38

कोलकाता: ओवरनाइट लीडर शौर्य भट्टाचार्य ने दूसरे दौर में आठ-अंडर 62 का टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया और कोलकाता के टॉलीगंज क्लब में खेले जा रहे 1.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप 2026 (पावर्ड बाय अर्बाना) में अपनी बढ़त चार शॉट तक बढ़ा ली।

तीन बार के डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई विजेता शौर्य (64-62), जो 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई सीजन का अपना पहला टूर्नामेंट खेल रहे हैं, ने बुधवार को बिना बोगी के राउंड खेला जिसमें एक ईगल और छह बर्डी शामिल रहीं। उनका कुल स्कोर 14-अंडर 126 हो गया।

क्षितिज नवीन कौल (67-63) ने 63 का स्कोर किया जिसमें एक ईगल, छह बर्डी और एक बोगी शामिल रही। वे सात स्थान ऊपर चढ़कर 10-अंडर 130 के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

संज़ीव कुमार (65) और अमेरिका के झारेड हैक (66), जो सीजन के पहले टूर्नामेंट के विजेता हैं, 7-अंडर 133 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग लीडर हनी बैसोया (65), जिन्होंने पिछले सप्ताह दिल्ली में जीत दर्ज की थी, 6-अंडर 134 के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर रहे। उनके साथ प्रणव मार्डीकर (67) भी इसी स्थान पर रहे। कट एक-ओवर 141 पर आया। कुल 58 पेशेवर खिलाड़ी अंतिम दो राउंड के लिए क्वालीफाई कर गए।

शौर्य भट्टाचार्य ने पहले होल पर 15 फीट की बर्डी लगाकर दिन की शुरुआत की। इसके बाद पार-4 पाँचवें होल पर 140 गज से अपने एप्रोच शॉट को सीधे होल में डालते हुए शानदार ईगल-2 बनाया, जो उनके राउंड का मुख्य आकर्षण रहा।

23 वर्षीय शौर्य ने इसके बाद तीनों पार-5 होल पर बर्डी बनाते हुए कुल पांच और बर्डी जोड़ीं। उन्होंने दो उत्कृष्ट ‘अप एंड डाउन’ भी बनाए, जिससे उनकी बढ़त मजबूत हुई।

शौर्य ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि इस टूर्नामेंट में दूसरी बार फेयरवे से होल-आउट किया। पहले राउंड में चौथे होल पर 110 गज से और आज पाँचवें होल पर 140 गज से। इस सप्ताह मेरे वेज शॉट्स बेहद अच्छे रहे हैं।

आज कुछ कठिन परिस्थितियों से मैंने अच्छी वापसी की और टी से निरंतरता बनी रही। खास बात यह रही कि मैंने सभी पार-5 होल पर बर्डी बनाकर उनका पूरा फायदा उठाया।”

क्षितिज नवीन कौल ने 10वें होल पर 50 फीट की शानदार ईगल पुट लगाकर दिन की शुरुआत की। अपने जूनियर दिनों में टॉलीगंज में तीन बार जीत दर्ज कर चुके क्षितिज ने पार-4 14वें और 15वें होल पर लगभग ग्रीन ड्राइव करते हुए बर्डी बनाई। इसके बाद उन्होंने एक बोगी और चार अन्य बर्डी जोड़ीं।

कोलकाता के दो पेशेवर खिलाड़ी मोहम्मद संजू और दिव्यांशु बजाज कट बनाने में सफल रहे। दोनों 1-ओवर 141 के साथ संयुक्त 47वें स्थान पर रहे।

ये भी पढ़ें : छह-अंडर 64 के साथ हनी बैसोया ने राउंड थ्री में बनाई मजबूत बढ़त

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here