सिद्धि मिश्रा की घातक गेंदबाजी, केसीए कानपुर ने जीती विजेता ट्रॉफी

0
24

लखनऊ। प्लेयर ऑफ द मैच सिद्धि मिश्रा (4 विकेट) की घातक गेंदबाजी के दम पर केसीए कानपुर ने प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में सहारनपुर को 6 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।

प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से मान्यता प्राप्त इस टूर्नामेंट का आयोजन क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) द्वारा राधिका फाउंडेशन के सहयोग से सेज क्रिकेट मैदान, 1090 चौराहा, गोमती नगर में किया गया।

शुक्रवार को फाइनल मुकाबले में सहारनपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में 7 विकेट पर 124 रन का मामूली स्कोर खड़ा किया।

टीम की ओर से दिशा शर्मा ने 30 और भूमि सिंह ने नाबाद 30 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। इसके अलावा भारती सिंह ने 21 और शिखा शालोट ने 15 रन का योगदान दिया। केसीए कानपुर की ओर से सिद्धि मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट झटके जबकि सिद्धि सिंह व नंदिनी को एक-एक विकेट मिले।

जवाब में केसीए कानपुर ने 22.5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाते हुए मैच व विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टीम से सलामी बल्लेबाज बबिता यादव ने 48 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 32 रन की अहम पारी खेली। वहीं मध्यक्रम में शिबू सिंह पाल ने 37 गेंदों पर 3 चौकों के साथ 33 रन बनाए जबकि तृप्ति सिंह ने 16 रन जोड़े।

फिर कप्तान अर्चना देवी ने 22 गेंदों में 4 चौकों की मदद से नाबाद 26 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। सहारनपुर की ओर से जान्हवी बालियान, शुभ चौधरी, आस्था वर्मा और भूमि सिंह ने एक-एक विकेट लिये। विशेष पुरस्कारों में प्लेयर ऑफ द सीरीज और सर्वश्रेष्ठ बैटर सहारनपुर की शिखा शालोट, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज केसीए कानपुर की सिद्धि मिश्रा और सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक केसीए कानपुर की श्वेता वर्मा चुनी गई।

आज फाइनल के दौरान मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या व विशिष्ट अतिथि विधायक आशा मौर्या ने विजेता व उपविजेता टीमों में शामिल खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर आयोजन सचिव हर्षवर्धन सिंह (प्रदेश महामंत्री, भाजपा युवा मोर्चा), सेज क्रिकेट अकादमी के निदेशक बृजेश यादव और श्रीमती प्रियंका शैली (चेयरपर्सन, यूपीसीए महिला चयन समिति) भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here