सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स और फैनकोड मिलकर करेंगे आईएसएल का प्रसारण

0
46
साभार : गूगल

नई दिल्ली: इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के 2025-26 सत्र के प्रसारण अधिकार सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (एसपीएनआई) ने हासिल कर लिए हैं। लीग के मीडिया अधिकार धारक फैन कोड ने रैखिक (लीनियर) टेलीविजन प्रसारण अधिकार एसपीएनआई को उप-लाइसेंस किए हैं, जिनका प्रमुख प्रसारण सोनीस्पोर्ट्सटेन 2 पर किया जाएगा।

इस समझौते के तहत एसपीएनआई को भारत में आईएसएल 2025-26 सत्र के लिए विशेष (एक्सक्लूसिव) टेलीविजन प्रसारण अधिकार प्राप्त होंगे, जबकि अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका में गैर-विशेष (नॉन-एक्सक्लूसिव) अधिकार मिलेंगे।

ऑल इंडिया फुटबॉल फ़ेडरेशन (आईएआईएफ़) के उपमहासचिव एम. सत्यनारायण ने कहा, “यह साझेदारी आईएसएल के विस्तार के प्रति एएआईएफएफ की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

फैनकोड जहां डिजिटल नवाचार को आगे बढ़ा रहा है, वहीं सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स अपनी व्यापक टेलीविजन पहुंच के माध्यम से हर आयुवर्ग के दर्शकों तक लीग को पहुंचाने में मदद करेगा। हमारा उद्देश्य है कि हर फुटबॉल प्रशंसक अपनी सुविधा के अनुसार ISL का आनंद ले सके।”

एसपीएनआई के चीफ रेवेन्यू ऑफिसर एवं बिजनेस हेड (स्पोर्ट्स एंड इंटरनेशनल) राजेश कौल ने कहा, “सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स के लिए यह गर्व का क्षण है कि इंडियन सुपर लीग का स्वागत भारत में फुटबॉल के घर पर किया जा रहा है।

वर्ष 2025 में हमारे स्पोर्ट्स चैनलों पर लगभग 100 मिलियन दर्शकों ने फुटबॉल देखा, जो देश में इस खेल की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। यह साझेदारी घरेलू फुटबॉल प्रतिभाओं और रोमांचक प्रतिद्वंद्विताओं को देशभर के लाखों दर्शकों तक पहुंचाएगी और भारत में फुटबॉल पारिस्थितिकी तंत्र के विस्तार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराएगी।”

फैनकोड के सह-संस्थापक यानिक कोलाको ने कहा, “हम आईएसएल के प्रसारण के लिए सोनी पिक्चर्सनेटवर्क्स के साथ साझेदारी कर बेहद प्रसन्न हैं। यह समझौता ISL को अधिकतम दर्शकों तक पहुंचाने की हमारी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

सोनी पिक्चर्सनेटवर्क्स की टेलीविजन विशेषज्ञता और फैनकोड की डिजिटल-फर्स्ट रणनीति के संयोजन से हम एक मजबूत मल्टी-प्लेटफॉर्म इको सिस्टम तैयार कर रहे हैं, जिससे प्रशंसक हर पल का रोमांच देख सकेंगे।”

आईएसएल 2025-26 सत्र का आगाज 14 फरवरी 2026 से होगा। इस सत्र में नए सिंगल-लेग राउंड-रॉबिन प्रारूप के तहत कुल 91 रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। उद्घाटन मुकाबला गत चैंपियन मोहन बगान सुपरजायंट और केरला ब्लास्टर्स एफसी के बीच खेला जाएगा।

ये भी पढ़ें : कोलकाता में बगान-केरला भिड़ंत, फतोर्दा में गोवा-इंटर काशी आमने-सामने

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here