लखनऊ: श्री कृष्ण दत्त एकेडमी (ऑटोनॉमस कॉलेज) में आयोजित वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन उत्साह, गौरव और खेल भावना के अद्भुत वातावरण के साथ संपन्न हुआ। 19 फरवरी से प्रारंभ हुई इस तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शानदार प्रदर्शन किया।
पूरे आयोजन के दौरान बैडमिंटन (बालक/बालिका – एकल एवं युगल), बास्केटबॉल (बालक/बालिका), वॉलीबॉल (बालक/बालिका), कबड्डी, रस्साकशी तथा एथलेटिक्स जैसी प्रतियोगिताएं समर्पित शिक्षक-समन्वयकों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं।
प्रतिभागियों ने अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। पूरे परिसर में विद्यार्थियों का उत्साह और अपने साथियों के प्रति समर्थन देखने योग्य रहा।
अंतिम दिन विभिन्न वर्गों में रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें बालिका कबड्डी में बी.कॉम विजेता रहा। वहीं बालक रस्साकशी में डीएलएड विजेता व बी.कॉम उपविजेता जबकि बालिका रस्साकशी में बी.एससी विजेता व बी.कॉम उपविजेता रहा।
दूसरी ओर बालक 100 मीटर दौड़ में नितिन (डीएलएड) पहले जबकि अभिषेक (बी.एससी.) दूसरे स्थान पर रहे वहीं बालिका 100 मीटर दौड़ में दिव्यांश (बी.एससी.) ने पहला व पारुल (बी.एससी.) ने दूसरा स्थान हासिल किया।
इन प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ उनकी एकता, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को भी प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के निदेशक मनीष सिंह ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए बधाई दी।
अपने संदेश में उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए आयोजन को सफल बनाने में समर्पित शिक्षकों एवं आयोजन समिति के अथक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास वृद्धि तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन शैली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर किया गया। पूरे उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित इस समारोह ने विद्यार्थियों के मनोबल को और अधिक ऊँचा किया।
ये भी पढ़ें : एसकेडी अकादमी में कैंसर जागरूकता संगोष्ठी, शीघ्र पहचान- रोकथाम पर जोर













