सनी देओल बॉलीवुड में अपनी सफल सेकेंड इनिंग्स का आनंद ले रहे हैं। बीते कुछ समय में एक्टर ने लगातार हिट फिल्में दी हैं। हाल ही में वे ‘बॉर्डर 2’ में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी के साथ नजर आए थे। यह वॉर फिल्म दर्शकों के दिलों में जगह बनाने में कामयाब रही।
बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन का आनंद लेते हुए, सनी देओल ने 2025 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ के बारे में भी बात की। ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा था।
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म का एक डायलॉग तुरंत वायरल हो गया था, जिसका सनी देओल से सीधा कनेक्शन है। रणवीर सिंह का किरदार हमजा अली मजहरी फिल्म में कहता है – “घायल हूं, इसलिए घातक हूं”। ‘घायल’ और ‘घातक’, दोनों ही सनी देओल की बीते जमाने की हिट फिल्मों के टाइटल हैं।
हाल ही में एक न्यूज़ एजेंसी से बातचीत में सनी देओल से पूछा गया कि क्या उन्हें ‘धुरंधर’ के मेकर्स से उनकी फिल्मों के टाइटल डायलॉग में इस्तेमाल करने के लिए कोई रॉयल्टी यानी पैसे मिले थे। उन्होंने बस मुस्कुराकर इसे ‘स्वीट’ कहा।
उन्होंने कहा, “नहीं, हमारे जो डायरेक्टर हैं, वो बड़े फैन हैं। उन्होंने मेरी पिक्चरें देखी हैं और उन्होंने ‘घायल’, ‘घातक’, ये सब फिल्में देखी हैं। मुझे लगता है कि इज्जत देने के लिए उन्होंने डायलॉग इस्तेमाल किया। मेरा मतलब है कि उन्होंने टाइटल इस्तेमाल किया है, जो बहुत स्वीट है।”
वहीं बातचीत के दौरान एक फैन ने रणबीर कपूर से उनकी वर्तमान की पसंदीदा फिल्म के बारे में पूछा। उन्होंने कहा, “अभी की फेवरेट फिल्म? पिछली पसंदीदा फिल्म, मुझे लगता है, ‘धुरंधर’ थी। मैंने उस फिल्म को बहुत पसंद किया। मुझे लगता है कि पूरी कास्ट और क्रू ने वाकई कमाल कर दिया, और सिनेमाघरों में वाकई अच्छा समय बीता।”
‘धुरंधर’ के मेकर्स पिक्चर के दूसरे पार्ट के साथ वापस आने के लिए तैयार हैं। सनी देओल की बात करें तो उनके पास ‘लाहौर 1947’ नाम की फिल्म है। इसके अलावा वे नेटफ्लिक्स की ‘इक्का’ और ‘गबरू’ में भी नजर आएंगे।
वहीं, रणबीर कपूर के पास डायरेक्टर नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ है। इसमें रणबीर को भगवान राम के रूप में और सनी देओल को हनुमान के रोल में देखा जाएगा।
ये भी पढ़े : धुरंधर: द रिवेंज के टीजर में रणवीर सिंह के दोहरे किरदार ने जीता फैंस का दिल













