टीवी की फेमस “भाभीजी घर पर हैं!” की चुलबुली अनीता भाभी के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाली सौम्या टंडन अब बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं। वह आदित्य धर की अपकमिंग एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ का हिस्सा बन चुकी हैं, जो 5 दिसंबर को रिलीज होगी।
हाल ही में ट्रेलर लॉन्च के मौके पर सौम्या ने अपनी इस फिल्म के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि फिल्म चुनने के पीछे उनका मुख्य कारण निर्देशक आदित्य धर थे।

सौम्या ने बताया, “मैं हमेशा आदित्य धर के साथ काम करना चाहती थी। यह रोल छोटा जरूर है, लेकिन मेरे करियर के सबसे इंटेंस किरदारों में से एक है। दर्शक मुझे चुलबुले और खुशमिजाज किरदारों में देख चुके हैं, इसलिए यह मेरे लिए एक बिल्कुल नया अनुभव होगा।”
सौम्या ने फिल्म के अपने अनुभव का खुलासा करते हुए कहा कि उनके सभी सीन अक्षय खन्ना और रणवीर सिंह के साथ हैं। मजाक में उन्होंने कहा, “अक्षय खन्ना तो हर सीन में इतनी छाप छोड़ देते हैं कि मुझे कभी-कभी डर लगता है कि लोग मेरी तरफ देखेंगे भी या नहीं!”
रणवीर सिंह की एक्टिंग की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह उनकी अब तक की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस है। वह अपने रोल में कमाल के हैं और जितना प्यार उन्हें मिलेगा, वह इसके हकदार हैं।”
‘धुरंधर’ B62 स्टूडियोज़ और जियो स्टूडियोज़ द्वारा निर्मित बड़े पैमाने की एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें रणबीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन सहित अन्य स्टार्स मुख्य भूमिकाओं में हैं।
ये भी पढ़े : ‘धुरंधर’ का ट्रेलर जारी, खून-खराबे और हाई-ऑक्टेन एक्शन से भरपूर
ये भी पढ़े : Dhurandhar : रणवीर सिंह सीक्रेट एजेंट के रोल में, 5 दिसंबर को होगी रिलीज












