2023 में रिलीज़ हुई एनिमल न केवल साल की सबसे चर्चित फिल्मों में रही, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी इसने रिकॉर्डतोड़ कमाई की। फिल्म के पोस्ट-क्रेडिट सीन्स ने दर्शकों को पहले ही इसके सीक्वल एनिमल पार्क की झलक दिखा दी थी।
अब आखिरकार फिल्म के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने एनिमल पार्क को लेकर बड़ा अपडेट साझा किया है। दिलचस्प बात ये है कि यह अपडेट ऐसे वक्त आया है, जब एनिमल जापान में रिलीज़ के लिए तैयार है।
रणबीर कपूर की यह फिल्म 13 फरवरी को जापान में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। रिलीज़ से पहले संदीप वांगा और रणबीर कपूर ने जापान में फिल्म की एक स्पेशल स्क्रीनिंग में हिस्सा लिया, जहां एनिमल पार्क को लेकर खुलकर बातचीत हुई।
इस दौरान संदीप रेड्डी वांगा ने बताया कि वह फिलहाल अपनी अपकमिंग फिल्म स्पिरिट के पोस्ट-प्रोडक्शन में पूरी तरह व्यस्त हैं। जैसे ही वह इस प्रोजेक्ट से फ्री होंगे, उनका अगला फोकस एनिमल पार्क होगा। उन्होंने कहा,
“मेरी मौजूदा फिल्म की शूटिंग पूरी होते ही ‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग शुरू हो जाएगी। इसमें कई एनिमल होंगे।”
वांगा ने आगे फिल्म के कॉन्सेप्ट पर भी रोशनी डाली। उनके मुताबिक यह कहानी दो ऐसे भाइयों की होगी, जो देखने में बिल्कुल एक जैसे हैं और जिनके बीच जबरदस्त वॉर देखने को मिलेगी। यही वजह है कि उन्हें फिल्म का टाइटल ‘एनिमल पार्क’ सबसे ज़्यादा फिट लगा। फिलहाल मेकर्स का प्लान मिड 2027 में फिल्म की शूटिंग शुरू करने का है।
वहीं रणबीर कपूर ने भी इस मौके पर अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा, “संदीप के साथ फिर से सेट पर लौटने और इस किरदार को दोबारा निभाने के लिए मैं बेहद एक्साइटेड हूं। अब एक ही किरदार नहीं होगा, क्योंकि यह एक जारी रहने वाली कहानी है।”
रणबीर ने यह भी बताया कि एनिमल के पहले पार्ट की शूटिंग के दौरान ही संदीप के दिमाग में पार्ट 2 की कहानी पूरी तरह साफ थी। एक अभिनेता के तौर पर यह अनुभव उनके लिए न सिर्फ़ रोमांचक बल्कि प्रेरणादायक भी है। उन्होंने कहा कि दोनों लगातार संपर्क में रहते हैं और अलग-अलग आइडियाज़ पर चर्चा करते रहते हैं।
ये भी पढ़े : रणबीर कपूर की एनिमल की दहाड़ अब जापान में, 13 फरवरी को होगी रिलीज
ये भी पढ़े : निर्देशक संदीप ने एनिमल पार्क पर की बात, पहले पार्ट से ज्यादा डार्क होगी













