लखनऊ। लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में जनहित को समर्पित एक अभिनव पहल के अंतर्गत विधायक ओपी श्रीवास्तव के नेतृत्व में इंदिरा नगर स्थित रोसेल इन होटल में आयुष्मान कार्ड वितरण एवं नव मतदाता पंजीकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
लखनऊ पूर्वी विधानसभा में विधायक ओपी श्रीवास्तव की अनोखी पहल
यह पहल पूरी विधानसभा में एक समन्वित अभियान के रूप में चलाई जा रही है, जिसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र नागरिकों तक पहुँचाना और लोकतांत्रिक भागीदारी को सशक्त बनाना है।
विधायक ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनसेवा केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि घर-घर पहुँचकर योजनाओं को लागू करने से सिद्ध होती है, और इसी सोच के साथ खाद्य एवं रसद विभाग के माध्यम से कोटेदारों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लखनऊ पूर्वी विधानसभा के राशन दुकानदारों के साथ की बैठक
बैठक में खाद्य एवं रसद विभाग से सप्लाई इंस्पेक्टर राजेश कुमार, आपूर्ति निरीक्षक अतुल शंकर श्रीवास्तव तथा आपूर्ति लिपिक आशीष कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। लखनऊ पूर्वी विधानसभा के बड़ी संख्या में कोटेदार कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
विधायक ने निर्देशित किया कि प्रत्येक कोटेदार अपने-अपने क्षेत्र में पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शीघ्र कार्ड उपलब्ध कराने में सहयोग करे, ताकि जरूरतमंद परिवारों को 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी पात्र परिवार केवल जानकारी के अभाव में योजना से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए और छूटे हुए लाभार्थियों की सूची तैयार कर प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए।
उसके बाद शिविर लगाकर इनके आयुष्मान कार्ड बनवाये जाएं। इसी के साथ 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
विधायक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती युवाओं की भागीदारी से ही संभव है, इसलिए नव मतदाताओं का पंजीकरण अभियान प्राथमिकता के आधार पर चलाया जाए और फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया को सरल व सुलभ बनाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि राशन वितरण केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड एवं मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, बूथ स्तर पर समन्वय बढ़ाया जाए और प्रत्येक पात्र नागरिक तक व्यक्तिगत संपर्क स्थापित किया जाए।
विधायक ओपी श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही उनका संकल्प है और इसमें कोटेदारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यह पहल न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर सामाजिक सशक्तिकरण का मार्ग भी प्रशस्त करेगी। लखनऊ पूर्वी विधानसभा में इस प्रकार की संगठित और जनकेंद्रित पहल को व्यापक सराहना मिल रही है और इसे जनसेवा की दिशा में एक प्रभावी एवं अनुकरणीय कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें : विधानसभा में गूंजा कैफ़ी आज़मी प्रेक्षागृह का मुद्दा, पारदर्शिता पर उठे सवाल











