राजगीर (बिहार): उत्तर प्रदेश हॉकी सब जूनियर पुरुष टीम ने 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश को 5-2 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
मैच की शुरुआत से ही उत्तर प्रदेश ने आक्रामक खेल दिखाया। चौथे मिनट में केतन कुशवाहा ने फील्ड गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि 8वें मिनट में मध्य प्रदेश ने एक गोल कर स्कोर बराबरी की कोशिश की।
इसके बाद उत्तर प्रदेश ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। 13वें मिनट में नितीश यादव ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को फिर बढ़त दिलाई। 28वें मिनट में शाहरुख अली ने फील्ड गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया।
दूसरे हाफ में भी उत्तर प्रदेश का दबदबा जारी रहा। 35वें मिनट में प्रह्लाद राजभर ने फील्ड गोल कर चौथा गोल किया, जबकि 40वें मिनट में राघवेंद्र चौहान ने फील्ड गोल कर टीम को 5-1 की मजबूत बढ़त दिलाई। मध्य प्रदेश ने 43वें मिनट में एक और गोल कर स्कोर 5-2 किया, लेकिन तब तक उत्तर प्रदेश की जीत तय हो चुकी थी।
उत्तर प्रदेश हॉकी की टीम का यह लगातार शानदार प्रदर्शन रहा है। टीम ने वर्ष 2022, 2023 और 2024 में लगातार तीन बार स्वर्ण पदक जीते, वर्ष 2025 में कांस्य पदक हासिल किया और 2026 में फिर स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता अपने नाम की।
उत्तर प्रदेश हॉकी के अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह ने टीम की इस शानदार उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और कोचिंग स्टाफ की बेहतरीन रणनीति का परिणाम है।
टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जिस तरह का प्रदर्शन किया, वह काबिल-ए-तारीफ है। हमें गर्व है कि उत्तर प्रदेश हॉकी लगातार देश में अपनी मजबूत पहचान बना रही है। आने वाले समय में ये खिलाड़ी सीनियर स्तर पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
ये भी पढ़ें : यूपी के लड़कों ने सेमीफाइनल में पंजाब को हराया, खिताब से एक जीत दूर













