नौवें चक्र में जीत, प्रखर ने पहना यूपी स्टेट रैपिड शतरंज चैंपियनशिप का ताज

0
130

लखनऊ। स्थानीय चौक स्टेडियम स्थित लालजी टंडन बहुउद्देशीय हॉल में खेली जा रही यूपी स्टेट रैपिड शतरंज चैंपियनशिप के नौवें एवं अंतिम चक्र में पहले बोर्ड पर वाराणसी के कैंडिडेट मास्टर प्रखर त्रिपाठी ने प्रयागराज के हसनैन सिद्दीकी को पराजित कर पूरा अंक अर्जित किया और कुल 8.5 अंक प्राप्त करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

दूसरे बोर्ड पर आगरा के ईशान लावण्या ने प्रयागराज के शिवाय सिंह को परास्त कर 8 अंक अर्जित किए, जबकि तीसरे बोर्ड पर आगरा के आदर्श सारस्वत ने वाराणसी के माज इक़बाल को पराजित किया।

अंतिम अंक-तालिका के अनुसार कैंडिडेट मास्टर प्रखर त्रिपाठी 8.5 अंकों के साथ विजेता रहे, जबकि ईशान लावण्या एवं आदर्श सारस्वत दोनों ने 8–8 अंक अर्जित किए। बेहतर टाई-ब्रेक के आधार पर ईशान लावण्या को द्वितीय एवं आदर्श सारस्वत को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

वहीं हसनैन सिद्दीकी, हर्षित अमरनानी, लक्ष्य निगम, रामानुज मिश्रा, संयम श्रीवास्तव, गर्वित जैन, गोपाल कृष्णा तथा विशाल भारती सभी ने 7–7 अंक अर्जित किए और टाई-ब्रेक के आधार पर क्रमशः चौथे से ग्यारहवें स्थान तक रहे।

यूपी स्टेट ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप में मेरठ के गोपाल कृष्णा, शाहजहाँपुर के आयुष सक्सेना एवं आगरा के ईशान लावण्या सभी ने 8–8 अंक अर्जित किए। टाई-ब्रेक के आधार पर गोपाल कृष्णा को विजेता, आयुष सक्सेना को उपविजेता तथा ईशान लावण्या को तृतीय स्थान घोषित किया गया।

ये भी पढ़ें : छठे दौर के बाद ईशान लावण्या और आदर्श सारस्वत को संयुक्त बढ़त

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here