जयपुर : प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीज़न 12 में यूपी योद्धाज अपने अभियान को नई रफ़्तार देने के इरादे से 16 सितंबर को सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में बंगाल वॉरियर्स से भिड़ेगी। मुकाबला रात 8:00 बजे से शुरू होगा।
योद्धाज सीज़न की शुरुआती लय को वापस पाने और अच्छे प्रदर्शन को जीत में बदलने के लिए बेताब हैं। हाल के मैचों में भले ही नतीजे मिले-जुले रहे हों, लेकिन टीम ने लगातार मज़बूत डिफेंस और धारदार आक्रमण का संयोजन दिखाया है।
उनके आक्रमण का नेतृत्व कर रहे हैं गगन गौड़ा, जिन्होंने महज़ पांच मैचों में 62 अंक जुटाए हैं और इस सीज़न के शीर्ष रेडर्स की सूची में पाँचवें स्थान पर हैं। गौड़ा ने अब तक चार सुपर रेड और चार सुपर 10 हासिल किए हैं। प्रति मैच औसतन 12.4 रेड प्वाइंट्स के साथ वे इस टूर्नामेंट के सबसे धाकड़ रेडर्स में शुमार हैं।
इसके अलावा गुमान सिंह (19 अंक) ने अहम मौकों पर शानदार प्रदर्शन कर टीम को मजबूती दी है, जबकि भवानी राजपूत (14 अंक) ने भी योगदान देकर अटैक को संतुलन प्रदान किया है।
टीम के सहायक कोच उपेन्द्र मलिक ने कहा, “इस सीज़न में हर टीम बेहतरीन खेल रही है। कई मैच ऐसे रहे हैं जिन्हें हम अपने पक्ष में कर सकते थे। अब हमें ग़लतियाँ कम करनी होंगी और सुनिश्चित करना होगा कि डिफेंस और अटैक दोनों एकजुट होकर प्रदर्शन करें। गगन शानदार फॉर्म में है और मुझे पूरा भरोसा है कि बाकी खिलाड़ी भी उनके साथ मिलकर बेहतर नतीजे देंगे।”
डिफेंस की बात करें तो कप्तान सुमित सांगवान मज़बूती से टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। वे प्रति मैच औसतन 3.8 टैकल प्वाइंट्स हासिल कर रहे हैं, जो इस सीज़न में लीग का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनकी कप्तानी ने योद्धाज की पहचान एक मज़बूत डिफेंसिव यूनिट के तौर पर और मज़बूत की है।
वहीं दूसरी ओर, बंगाल वॉरियर्स अपने पहले मैच में हरियाणा स्टीलर्स पर जीत दर्ज करने के बाद से लगातार चार हार झेल चुकी है। योद्धाज उसकी इस ख़राब फ़ॉर्म का फ़ायदा उठाकर एक अहम जीत दर्ज करना चाहेंगे ताकि वे अपने अभियान को दोबारा रफ़्तार दे सकें।
ये भी पढ़ेंं : पीकेएल-12 : सामदी और मिरबघेरी की जोड़ी ने जयपुर पिंक पैंथर्स को दिलाई जीत












