लखनऊ : यूपी एनसीसी निदेशालय द्वारा जन भवन, लखनऊ में एक भव्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी)–2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य के एनसीसी कैडेटों को सम्मानित किया गया।
कुल 11 एनसीसी ग्रुपों से 127 एनसीसी कैडेटों ने कर्नल अमिताभ कुमार, कंटिंजेंट कमांडर के नेतृत्व में आरडीसी–2026 में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। कैडेटों ने अनुशासन, समन्वय, नेतृत्व तथा सांस्कृतिक उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम, अपर महानिदेशक, एनसीसी निदेशालय (उ.प्र.) ने संबोधित करते हुए कैडेटों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा निदेशालय के अंतर्गत निरंतर बनाए रखे जा रहे उच्च प्रशिक्षण मानकों की सराहना की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यपाल, उत्तर प्रदेश, आनंदीबेन पटेल रहीं। उन्होंने मेधावी कैडेटों को स्वर्ण एवं रजत पदक प्रदान किए तथा उनके समर्पण, लगन और राष्ट्र सेवा की भावना की प्रशंसा की।
एनसीसी ग्रुप गाजियाबाद को इंटर-ग्रुप कंपीटिशन बैनर भेंट किया गया, जिसे एनसीसी ग्रुप गाजियाबाद के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अजीत सिंह ने प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त, युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत समुदायिक प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता के रूप में प्रशिक्षित उत्तर प्रदेश के एनसीसी कैडेटों को भी आरडीसी–2026 के दौरान विशेष सम्मान प्राप्त हुआ।
64 यूपी बटालियन एनसीसी, लखनऊ के लेफ्टिनेंट कर्नल अनिमेष राय के विशेष मार्गदर्शन में इन कैडेटों का चयन राष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों को योजना के संबंध में ब्रीफिंग देने हेतु किया गया, जो उनकी आपदा-तैयारी, नेतृत्व क्षमता तथा आपदा-प्रतिरोधी भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। समारोह का समापन समूह फोटो एवं हाई टी के साथ हुआ।
ये भी पढ़ें : ‘प्राकृतिक किडनी’ की रक्षा का संदेश, हुलास खेड़ा में जागरूकता अभियान
ये भी पढ़ें : पराक्रम दिवस पर एनसीसी कैडेट्स का रक्तदान, मानव सेवा की मिसाल
आरडीसी–2026 में उत्तर प्रदेश के पदक विजेता
स्वर्ण पदक विजेता
* एस.यू.ओ अजीत कुमार सिंह – 92 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी, वाराणसी ‘ए’
* एस.यू.ओ दिया नेहरा – 8 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी, अलीगढ़
* एस.यू.ओ महक – 30 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी, बरेली
* यू.ओ रूबी – 36 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी, गाजियाबाद
* एल/कॉर्पोरल सूरज वर्मा – 64 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी, लखनऊ
* कैडेट शिवम तिवारी – 1 यू.पी. नेवल यूनिट एन.सी.सी, प्रयागराज
रजत पदक विजेता
* एस.यू.ओ यश चंद्रा – 8 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी, अलीगढ़
* यू.ओ माधव – 24 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी, बरेली
* सार्जेंट आरव सक्सेना – 37 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी, गाजियाबाद
* कैडेट सार्जेंट चंद्रमौली उपाध्याय – 7 यू.पी. एयर स्क्वाड्रन एन.सी.सी, वाराणसी ‘बी’
* कैडेट अक्षिता सिंह – 71 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी, मेरठ
* एस.यू.ओ इशिका यादव – 5 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी, आगरा













