लखनऊ। हरियाणा के वंश नंदल ने स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल में बड़ा उलटफेर करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरी ओर शीर्ष वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा व वंश बिष्ट और हरियाणा के अर्न्त्य ओह्ल्यान ने भी अंतिम चार में स्थान सुरक्षित किया।
स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट
इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित एक लाख रुपए की प्राइजमनी वाले टूर्नामेंट का आयोजन एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है।
बुधवार को एकल के क्वार्टर फाइनल में हरियाणा के वंश नंदल ने दूसरी वरीय तमिलनाडु के मुकिल रामानन को रोमांचक मैच में 6-4, 0-6, 6-2 से शिकस्त दी। वंश ने पहले सेट में धैर्य का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी को छकाते हुए जीत दर्ज की।

दूसरे सेट में मुकिल ने आक्रामक खेल और बेहतरीन कोर्ट कवरेज के दम पर एकतरफा जीत से बराबरी हासिल की। निर्णायक तीसरे सेट में वंश ने बेहतरीन सर्विस और सटीक शॉट का नजारा पेश करते हुए मैच पर पकड़ मजबूत बनाते हुए जीत हासिल की।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में आठवीं वरीय हरियाणा के अर्नत्या ओह्ल्यान ने हरियाणा के ही उपनिषद भारद्वाज को तीन सेट तक चले रोमांचक मैच में 6-1, 4-6, 6-0 से हराया। ओह्ल्यान ने पहले सेट में तेज सर्विस और सटीक स्मैश के सहारे बढ़त बनाई। दूसरे सेट में उपनिषद ने वापसी की। तीसरे सेट में अर्नत्या ने एकतरफा दबदबा बनाते हुए 6-0 की जीत के साथ मैच अपने नाम किया।
अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शीर्ष वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा ने हरियाणा के सुनील कुमार को 6-3, 6-4 से हराया जबकि दिल्ली के वंश बिष्ट ने राजस्थान के अमित को 6-4, 6-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
युगल में खेले गए रोमांचक क्वार्टर फाइनल
युगल वर्ग में भी क्वार्टर फाइनल मुकाबले रोमांचक रहे। पहले मैच में लव पहल व जसराज सिंह की जोड़ी ने बड़ा उलटफेर किया। इस जोड़ी ने शीर्ष वरीय अंशुमान सिंह व तनिष्क जाधव को सुपर टाईब्रेक में 3-6, 6-4 (12-10) से हराकर सबको चौंका दिया।
इसके अलावा तीसरी वरीय मुकिल रामानन व रिकी चौधरी ने सौरभ सिंह व उपनिषद भारद्वाज को 6-4, 6-3 से हराया। वहीं वंश नंदल व मयंक शर्मा ने पार्थ पाटिल व अर्न्त्य ओह्ल्यान को 6-1, 6-4 से पराजित किया। दूसरी ओर सुनील कुमार व एकलव्य सिंह ने अमित व पार्थ सारथी शर्मा को 7-5, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।













