IPL : किंग कोहली का कमाल, आरसीबी ने फिर जीती ट्रॉफी

0
30
@RCBTweets

अहमदाबाद : आईपीएल 2026 के फाइनल में दबाव भरे क्षणों में विराट कोहली का अनुभव और बेंगलुरु की संतुलित टीम संयोजन निर्णायक साबित हुआ।

कोहली की नाबाद 75 रन की शानदार पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में बेंगलुरु ने 156 रन का लक्ष्य 18 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।

फाइनल में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियन

बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे गेंदबाजों ने सही साबित किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही।

टीम ने पावरप्ले के भीतर ही कप्तान शुभमन गिल (10) और साई सुदर्शन (12) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद निशांत सिंधु (20) और जोस बटलर (19) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके।

एक समय गुजरात की पारी लड़खड़ाती नजर आ रही थी, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने जिम्मेदारी संभालते हुए अर्धशतक जमाया और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। सुंदर ने 50 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अंतिम ओवरों में अरशद खान ने 15 रन जोड़कर टीम का स्कोर 155 रन तक पहुंचाने में योगदान दिया।

बेंगलुरु की ओर से रसिख सलाम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन विकेट चटकाए, जबकि जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने भी अहम सफलताएं हासिल कीं।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु को इम्पैक्ट प्लेयर वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने शानदार शुरुआत दिलाई। वेंकटेश ने 32 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि कोहली शुरू से ही आक्रामक नजर आए। दोनों बल्लेबाजों ने चौकों और छक्कों की मदद से पावरप्ले में टीम का स्कोर 70 रन तक पहुंचा दिया।

हालांकि गुजरात ने बीच के ओवरों में मुकाबले में वापसी की कोशिश की। कगिसो रबाडा ने देवदत्त पडिक्कल (1) को आउट कर सीजन का अपना 29वां विकेट हासिल किया और पर्पल कैप की दौड़ में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। इसके बाद राशिद खान ने एक ही ओवर में रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पंड्या (1) को आउट कर मैच को रोचक बना दिया।

टिम डेविड ने 24 रन का योगदान दिया, लेकिन उनके आउट होने के बाद मुकाबला कुछ समय के लिए संतुलित स्थिति में पहुंच गया। ऐसे समय में विराट कोहली ने एक छोर संभाले रखा और जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने केवल 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो आईपीएल फाइनल में उनका सबसे तेज अर्धशतक रहा।

16वें ओवर में शुभमन गिल ने कोहली का एक विवादित कैच छोड़ दिया, जिससे उन्हें जीवनदान मिला। कोहली ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।

18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कोहली ने चौका लगाकर स्कोर बराबर किया। इसके बाद अगली ही गेंद पर उन्होंने शानदार छक्का जड़ते हुए बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बना दिया। कोहली 75 रन बनाकर नाबाद लौटे और एक बार फिर बड़े मंच पर अपनी मैच विजेता क्षमता का परिचय दिया।

ये भी पढ़ें : सात्विक-चिराग की सुनहरी जीत, सिंगापुर ओपन का खिताब भारत के नाम

ये भी पढ़ें : एशियाई खेल : अमन, सुजीत और दीपक पूनिया भारतीय पुरुष कुश्ती टीम में

ये भी पढ़ें : लखनऊ सुपर जायंट्स में बड़ा बदलाव, ऋषभ पंत अब नहीं होंगे कप्तान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here