लखनऊ सुपर जायंट्स में बड़ा बदलाव, ऋषभ पंत अब नहीं होंगे कप्तान

0
34
साभार : गूगल

आईपीएल 2026 में बेहद खराब प्रदर्शन के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने अपनी कप्तानी छोड़ दी है, जिसकी आधिकारिक घोषणा फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को की। लगातार निराशाजनक नतीजों और टीम के खराब अभियान के बाद यह फैसला सामने आया है।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने बयान में कहा, “ऋषभ पंत ने फ्रेंचाइजी से अपनी कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया था, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है।”

आईपीएल 2025 की नीलामी में 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड राशि में खरीदे गए ऋषभ पंत ने दो सत्रों तक टीम की कमान संभाली। हालांकि उनकी कप्तानी में टीम उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सकी।

दो सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने कुल 28 मुकाबले खेले, जिनमें केवल 10 मैचों में जीत दर्ज कर सकी। इस दौरान पंत ने बल्ले से 581 रन बनाए।

लखनऊ सुपर जायंट्स के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा, “ऐसे फैसले कभी आसान नहीं होते। कप्तान के रूप में ऋषभ ने ड्रेसिंग रूम के लिए जो योगदान दिया, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। अब हमारा ध्यान सामूहिक रूप से टीम के पुनर्निर्माण और पुनर्गठन पर है, ताकि हम सर्वोत्तम स्तर तक पहुंच सकें।”

आईपीएल 2026 का सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए बेहद निराशाजनक रहा। टीम पूरे टूर्नामेंट में संघर्ष करती नजर आई और अंक तालिका में अंतिम यानी 10वें स्थान पर रही। एलएसजी ने 14 लीग मुकाबलों में केवल चार जीत हासिल की, जबकि 10 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम का नेट रन रेट भी -0.740 रहा।

प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली शुरुआती टीमों में शामिल एलएसजी घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में भी अपने प्रशंसकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में निरंतरता की कमी साफ दिखाई दी।

ऋषभ पंत का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी चर्चा का विषय रहा। 14 मैचों की 13 पारियों में उन्होंने केवल 312 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 138.05 रहा, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली और टी20 क्रिकेट में उनकी प्रतिष्ठा के मुकाबले फीका माना गया।

टीम की कमजोर रणनीति, कप्तानी में निरंतर दबाव, बल्लेबाजी क्रम की अस्थिरता और गेंदबाजी इकाई के साधारण प्रदर्शन को लखनऊ सुपर जायंट्स के खराब अभियान की प्रमुख वजह माना जा रहा है। अब फ्रेंचाइजी नए सिरे से टीम के पुनर्गठन और आगामी सीजन की तैयारी में जुटेगी।

ये भी पढ़ें : एलएसजी की उम्मीदों पर पंजाब किंग्स का प्रहार, श्रेयस अय्यर ने शतक से दिलाई जीत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here