रिंकू सिंह की कप्तानी में यूपी क्वार्टर फाइनल में, 12 जनवरी को सौराष्ट्र से भिड़ंत

0
81

उत्तर प्रदेश ने विजय हजारे ट्रॉफी में अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। रिंकू सिंह के नेतृत्व में यूपी ने लीग चरण में अभूतपूर्व निरंतरता दिखाई और सभी सात मुकाबले जीतकर ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए टीम खिताब की प्रबल दावेदार के रूप में उभरी है।

यूपी की अब क्वार्टर फाइनल में 12 जनवरी को सौराष्ट्र से टक्कर होगी।  ऐसे में रिंकू सिंह की अगुआई वाली उत्तर प्रदेश टीम पर सभी की निगाहें टिकी होंगी कि क्या वह अपनी अजेय लय को बरकरार रखते हुए विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब जीतने की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ा पाती है या नहीं।

लीग स्टेज में यूपी की सफलता केवल जीत तक सीमित नहीं रही, बल्कि टीम ने हर विभाग में संतुलित प्रदर्शन किया। मजबूत बल्लेबाजी, अनुशासित गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग ने उत्तर प्रदेश को बाकी टीमों से अलग पहचान दिलाई है। अब क्वार्टर फाइनल में टीम की नजरें सीधे सेमीफाइनल और उसके बाद खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं।

लीग चरण के समापन के साथ ही विजय हजारे ट्रॉफी के अंतिम-8 की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। चारों ग्रुप से शीर्ष दो टीमों ने नॉकआउट दौर में प्रवेश किया है।

ग्रुप ए से कर्नाटक ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि मध्य प्रदेश दूसरे नंबर पर रहा।   ग्रुप बी में उत्तर प्रदेश ने दबदबा कायम रखा और विदर्भ ने दूसरे स्थान के साथ अंतिम-8 का टिकट कटाया। ग्रुप सी  में पंजाब ने ग्रुप टॉप किया, जबकि मुंबई ने उपविजेता रहते हुए क्वालीफाई किया। ग्रुप डी से दिल्ली और सौराष्ट्र ने नॉकआउट में जगह बनाई।

अब मुकाबले सीधे नॉकआउट के होंगे, जहां एक हार टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा देगी। क्वार्टर फाइनल के अनुसार 12 जनवरी को पहला क्वार्टर फाइनल कर्नाटक बनाम मुंबई और दूसरा क्वार्टर फाइनल उत्तर प्रदेश बनाम सौराष्ट्र के बीच बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड पर खेला जाएगा।

दूसरी ओर 13 जनवरी को तीसरा क्वार्टर फाइनल दिल्ली बनाम विदर्भ और चौथा क्वार्टर फाइनल पंजाब बनाम मध्य प्रदेश के बीच खेला जाएगा।

ये भी पढ़ें : विजय हजारे ट्रॉफी : सात जीत, 28 अंक और टॉप पोजीशन, यूपी का दबदबा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here