विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश ने बंगाल को पांच विकेट से हराया। उत्तर प्रदेश की की यह सफलता किसी एक मैच या एक खिलाड़ी की कहानी नहीं, बल्कि पूरी टीम की सधी हुई योजना और संतुलित प्रदर्शन का नतीजा है।
कप्तान रिंकू सिंह के नेतृत्व में यूपी ने ग्रुप चरण में एक भी मुकाबला गंवाए बिना सात जीत के साथ 28 अंकों पर शीर्ष स्थान हासिल किया। बंगाल के खिलाफ मैच में गेंद से जीशान अंसारी की फिरकी और बल्ले से ध्रुव जुरेल की आक्रामक सेंचुरी ने दिखा दिया कि यूपी की जीत की बुनियाद अब हर विभाग में मजबूत हो चुकी है।
जीशान की फिरकी, जुरेल के शतक से बंगाल को पांच विकेट से दी शिकस्त
यूपी की जीत में मुख्य योगदान रहा गुगली विशेषज्ञ जीशान अंसारी का, जिन्होंने अपनी कुशल स्पिन गेंदबाजी से बंगाल के बल्लेबाजों को सस्ते में पवेलियन भेजा।
7 matches. 7 wins. Undefeated. 🔥
UPCA dominates the Vijay Hazare group stage.#VijayHazareTrophy #UPCricket #UPCA pic.twitter.com/tva9w5hQo3— UPCA (@UPCACricket) January 8, 2026
लक्ष्य का पीछा करते हुए ध्रुव जुरेल ने ताबड़तोड़ शतक जड़कर टीम को मजबूती दी। यूपी ने 42.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर 5 विकेट से जीत दर्ज की। यूपी ने टॉस जीतकर पहले बंगाल को बल्लेबाजी के लिए बुलाया और 45.1 ओवर में उन्हें सिर्फ 269 रनों पर समेट दिया।
ध्रुव जुरेल को उनके 123 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। यूपी की पारी में शुरुआती झटका आया जब अभिषेक गोस्वामी सिर्फ 4 रन पर आउट हो गए।
सलामी बल्लेबाज आर्यन जुयाल ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 132 रन की शानदार साझेदारी निभाई। प्रियम गर्ग ने 24 रन, जबकि कप्तान रिंकू सिंह ने 26 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाकर टीम को जीत की राह पर बनाए रखा।
इस मैच में मोहम्मद शमी और आकाशदीप की अनुभवी पेस जोड़ी का प्रदर्शन अपेक्षित नहीं रहा, दोनों को केवल एक-एक विकेट ही मिला। बंगाल की पारी की बात करें तो उनकी शुरुआत खराब रही। ओपनर करन लाल (5) और कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (28) जल्दी आउट हो गए।
लेकिन सुदीप कुमार घरामी ने 94 रन बनाकर टीम को संघर्ष करने लायक स्थिति में रखा। शहबाज अहमद ने 43 रन योगदान दिया, और आकाशदीप ने 33 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
यूपी के लिए इस टूर्नामेंट की सफलता में जीशान अंसारी का लेग स्पिन निर्णायक साबित हुआ। इस सीजन के 7 मैचों में उन्होंने कुल 21 विकेट लिए हैं, जिसमें बंगाल के खिलाफ 33 रन देकर 3 विकेट शामिल हैं।
करन चौधरी और विप्रज निगम ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि प्रशांतवीर और रिंकू सिंह को एक-एक विकेट मिला। आईपीएल में सीएसके के लिए 14.2 करोड़ में खेल चुके स्पिन ऑलराउंडर प्रशांतवीर ने अब तक इस टूर्नामेंट में 7 मैचों में सिर्फ 9 विकेट ही लिए हैं।
ये भी पढ़ें : गोस्वामी के शतक और कुलदीप की फिरकी से यूपी ने लगाया जीत का छक्का













