नई दिल्ली : ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआइएफएफ) और स्टार सीमेंट ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 सीजन के लिए टाइटल स्पॉन्सर बनेगा।
पूर्वोत्तर भारत का अग्रणी सीमेंट ब्रांड और देशभर में तेजी से बढ़ती पहचान रखने वाला स्टार सीमेंट बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में विश्वसनीयता, मजबूती और स्थायित्व के लिए जाना जाता है।
कंपनी ने खेलों के साथ अपनी ब्रांड पहचान को लगातार जोड़ा है और उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प तथा सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के व्यापक दृष्टिकोण के तहत खिलाड़ियों और खेल पहलों का समर्थन किया है।
इस अवसर पर ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल एम. सत्यानारायण ने कहा, “स्टार सीमेंट के साथ यह साझेदारी इंडियन फुटबॉल लीग के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
स्टार सीमेंट बना इंडियन फुटबॉल लीग 2025-26 का टाइटल स्पॉन्सर
प्रतियोगिता की संरचना और व्यावसायिक स्थिरता को मजबूत करने के हमारे प्रयासों के बीच ऐसे सहयोग लीग को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक समर्थन प्रदान करते हैं।
हमें विश्वास है कि यह साझेदारी प्रतियोगिता की पहचान को और ऊंचा उठाने और भारत में फुटबॉल के निरंतर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
स्टारसीमेंट के मुख्य परिचालन अधिकारी प्रदीप पुरोहित ने कहा, “पूर्वोत्तर से जुड़े एक प्रमुख कॉर्पोरेट समूह के रूप में स्टारसीमेंट ने हमेशा ऐसे मंचों का समर्थन करने में विश्वास किया है जो मजबूती, धैर्य और सामुदायिक भावना को दर्शाते हैं।
खेल हमारे ब्रांड दर्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है और ‘हर घर में स्टार’ जैसे अभियानों के माध्यम से हम लगातार खिलाड़ियों और खेल हस्तियों से जुड़े रहे हैं। इंडियन फुटबॉल लीग के साथ हमारी साझेदारी हमारे ब्रांड मूल्यों और लीग की दृष्टि के बीच मजबूत सामंजस्य स्थापित करती है।
हमें टाइटल स्पॉन्सर के रूप में जुड़कर खुशी और गर्व है और हम एआईएफएफ तथा लीग के साथ एक सार्थक और दीर्घ कालिक सहयोग की उम्मीद करते हैं।”
लीग मैनेजिंग कमेटी के सदस्य और शिलांग लाजोंग एफसी के मालिक लारसिंग मिंग सॉयान ने कहा, “स्टार सीमेंट का टाइटल स्पॉन्सर के रूप में जुड़ना इंडियन फुटबॉल लीग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।अब जब लीग को एक टाइटल स्पॉन्सर मिला है, तो हमें उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता हर सीजन के साथ और मजबूत होगी।
मैं पूरे लीग की ओर से स्टार सीमेंट का धन्यवाद करता हूं, जिसकी जड़ें पूर्वोत्तर में हैं, कि उन्होंने भारतीय फुटबॉल के समर्थन के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है।”इस साझेदारी के तहत पूरे सीजन के दौरान लीग की ब्रांडिंग और प्रचार गतिविधियों में स्टार सीमेंट की प्रमुख उपस्थिति रहेगी।
इंडियन फुटबॉल लीग, जिसे पहले आई-लीग के नाम से जाना जाता था, 2025-26 सीजन के लिए नई पहचान के साथ जारी है। प्रतियोगिता में 10 क्लब हिस्सा ले रहे हैं और इसमें दो चरणों वाला नया प्रारूप लागू किया गया है।सीजन की शुरुआत 27 फरवरी 2026 को हुई थी।
टीमें पहले होम और अवेराउंड-रॉबिन लीग चरण में प्रतिस्पर्धा कर रही हैं, जिसके बाद तालिका दो भागों — चैंपियनशिप और रेलिगेशन राउंड — में विभाजित होगी, जहां इंडियन सुपर लीग में प्रमोशन दांव पर होगा।
ये भी पढ़ें : मनीषा के गोल के बावजूद ब्लू टाइग्रेस की हार, एशियन कप से विदाई
ये भी पढ़ें : शिलॉन्ग लाजोंग की शानदार वापसी, रियल कश्मीर को 2-1 से हराया













