काहिरा में भारतीय शूटर्स के पास खुद को साबित करने का बड़ा मौका

0
54

काहिरा, मिस्र : आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन का आगाज काहिरा के इजिप्ट इंटरनेशनल ओलंपिक सिटी में कल से होगा, जहां पहले दिन 10 मीटर एयर राइफल महिला और 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष स्पर्धाओं में दो पदकों का फैसला किया जाएगा।

भारत  ने इस प्रतियोगिता में 71 खिलाड़ियों का मजबूत दल उतारा है, जिसमें से 58 खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का पहला जत्था कल काहिरा पहुंच चुका है। पहले दिन प्रतियोगिता की शुरुआत 25 मीटर पिस्टल प्रिसिजन स्टेज (पुरुष और महिला) और स्कीट (पुरुष और महिला) में 75 टारगेट्स के साथ होगी।

काहिरा आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप 

क्वालिफिकेशन चरण भारतीय समयानुसार 12:30 बजे (स्थानीय समय सुबह 9 बजे) शुरू होगा। इसके बाद 10 मीटर एयर राइफल महिला काक्वालिफिकेशन 12:45 बजे (9:15 स्थानीय समय) शुरू होगा, जबकि फाइनल 15:30 बजे (दोपहर 12 बजे स्थानीय समय) खेला जाएगा।

दूसरी पदक स्पर्धा 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष होगी, जिसका क्वालिफिकेशन 15:00 बजे (11:30 स्थानीय समय) शुरू होगा और फाइनल 17:45 बजे (2:15 स्थानीय समय) आयोजित किया जाएगा।

10 मीटर एयर राइफल महिला स्पर्धा में भारत की ओर से छह खिलाड़ी भाग लेंगी, जिनमें एशियन जूनियर रिकॉर्ड धारक और 2025 आईएसएसएफ वर्ल्ड कप सुहल की चैंपियन शांभवी क्षीर सागर प्रमुख हैं।

उनके साथ 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन्स की 2025 एशियन चैंपियन अनुष्का ठाकुर, 2026 एशियन चैंपियनशिप की रजत और कांस्य पदक विजेता मान्यता सिंह और अनीशा शर्मा, 2024 एशियन चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता अन्वी राठौड़ और पनाह भुगर भी शामिल हैं।

10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष स्पर्धा में भी भारत के छह खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे, जिनका नेतृत्व पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन और 2023 विश्व चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता शिवा नरवाल करेंगे,

जो तीन साल बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वापसी कर रहे हैं। उनके साथ डेफलिंपिक्स 2025 चैंपियन अभिनव देशवाल, अभिनव चौधरी, अभय धामा, हिमांशु राणा और 17 वर्षीय चिराग शर्मा शामिल हैं।

प्रत्येक देश से अधिकतम तीन खिलाड़ी, क्वालिफिकेशन के बाद शीर्ष तीन स्थान हासिल कर फाइनल में पहुंचेंगे। 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत के लिए समीर गुलिया प्रमुख नाम हैं, जो विश्व और जूनियर विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता रह चुके हैं।

पुरुष वर्ग में अभिनव चौधरी, साहिल चौधरी, साग्निक बनर्जी, प्रांशु सूर्यवंशी और भानु प्रताप सिंह शेखावत भाग लेंगे, जबकि महिला वर्ग में परीशा गुप्ता, अंजलि महेंद्र भगवत, अगम कौर ग्रेवाल, मानवी जैन, से जलकांबले और शिखा चौधरी मैदान में उतरेंगी।

स्कीट स्पर्धा में भारत के पांच पुरुष और चार महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। पुरुष वर्ग में जोरावर सिंह बेदी, हर विराज सिंह, ईशान सिंह लिब्रा, यशवर्धन सिंह राजावत और अंजनैया सिंह मांडवा शामिल हैं, जबकि महिला वर्ग में रिशम कौर गुरों, परमीत कौर, अग्रिमा कंवर और संयोजिता शेखावत भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कुल 25 देशों के 284 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जिसमें भारत का दल सबसे बड़ा है। मेजबान मिस्र ने 29 खिलाड़ियों की टीम उतारी है, जबकि रूस (इंडिविजुअल न्यूट्रल एथलीट्स के तहत) 43 खिलाड़ियों के साथ उतरेगा। फ्रांस (24), ग्रेट ब्रिटेन (16) और इटली (13) भी बड़े दल के साथ भाग ले रहे हैं।

जून में जर्मनी के सुहल में होने वाली जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप को देखते हुए यह टूर्नामेंट भारतीय जूनियर खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का अहम मौका होगा।

ये भी पढ़ें : NRAI @75: नए टैलेंट की खोज और ओलंपिक सपनों को उड़ान देने की तैयारी

ये भी पढ़ें : एयर पिस्टल में चूके भारतीय पुरुष निशानेबाज़, रिदम-दिव्या ने जगाई उम्मीद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here