इकाना में ‘वैभव’ का क्रेज बरकरार, लेकिन आठ रन रन पर थमी पारी

0
62
File Photo @ Associated Press

हाइलाइट्स:
• क्रेज vs प्रदर्शन: वैभव सूर्यवंशी 8 रन पर आउट, फिर भी फैंस में जबरदस्त दीवानगी
• बाजार पर असर: LSG के घर में बिकीं राजस्थान की रिकॉर्ड जर्सियां
• माहौल: आउट होते ही गूंजता स्टेडियम पलभर में शांत
• यातायात: शहीद पथ पर 4 किमी लंबे जाम ने बढ़ाई लोगों की मुश्किल

लखनऊ, विशेष संवाददाता । राजधानी के इकाना स्टेडियम में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला सिर्फ एक मैच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के नाम रहा। स्टेडियम के अंदर रनों की गूँज थी, तो बाहर जर्सी बाजार में वैभव की लोकप्रियता का तूफान।

हालांकि, इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी दर्शकों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके और सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनकी पारी का अंत मोहसिन खान की सटीक गेंद पर हुआ, जिस पर उन्होंने कैच थमा दिया। जिस खिलाड़ी के नाम से पूरा स्टेडियम गूंज रहा था, उसके आउट होते ही माहौल अचानक शांत हो गया।

जर्सी बाजार में उलट गई तस्वीर

आमतौर पर लखनऊ के घरेलू मैदान पर LSG की नीली जर्सी का बोलबाला रहता है, लेकिन इस बार तस्वीर पूरी तरह उलट नजर आई। स्टेडियम के बाहर फुटपाथ पर जर्सी बेच रहे दुकानदारों के पास सबसे ज्यादा मांग वैभव सूर्यवंशी के नाम वाली जर्सी की रही।

हालात यह थे कि एक दुकानदार द्वारा लाई गई 1200 जर्सियां मैच शुरू होने से पहले ही बिक गईं। शहर की क्रिकेट एकेडमियों के युवा खिलाड़ी, जो पिछले मैच में घरेलू टीम के रंग में रंगे थे, इस बार राजस्थान की पिंक जर्सी में सूर्यवंशी का समर्थन करते दिखे।

वहीं एलएसजी की जर्सी की बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। एक अन्य दुकानदार के अनुसार, उसके पास सूर्यवंशी नाम की 75 जर्सियां थीं और वे भी देखते ही देखते खत्म हो गईं। आलम ये रहा कि जहां आमतौर पर घरेलू टीम एलएसजी की जर्सी ज्यादा बिकती है, वहीं इस बार तस्वीर उलट नजर आई।

मैदान पर ‘वैभव-वैभव’ की गूंज, लेकिन…

स्टेडियम के अंदर का माहौल भी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय स्टार की मौजूदगी का अहसास करा रहा था। स्टेडियम के अंदर से लेकर बाहर तक हर ओर ‘वैभव’ की ही गूंज सुनाई दी।

जैसे ही वैभव बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर उतरे, दर्शकों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया और और पूरा स्टेडियम ‘वैभव-वैभव’ के नारों से गूंज उठा। हालांकि वैभव यहां कमाल नहीं दिखा सके।

वैसे आज 8 से 20 वर्ष की आयु के क्रिकेट प्रेमियों में उन्हें लेकर गजब का उत्साह देखा गया। गेट नंबर एक के सामने प्रशंसकों की टोलियां हाथों में पोस्टर लिए सिर्फ अपने पसंदीदा युवा खिलाड़ी की एक झलक पाने को बेताब दिखीं।

मैच देखने आये दर्शकों के हाथों में वैभव के पोस्टर नजर आ रहे थे, बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी टोलियां बनाकर इकाना की ओर जाते नजर आये।

शहीद पथ पर रफ्तार हुई बेपटरी, जाम ने किया परेशान

क्रिकेट के इस जुनून के बीच शहर की यातायात व्यवस्था एक बार फिर चरमरा गई। इकाना जाने वाले रास्तों, विशेषकर जी-20 रोड से लेकर अहिमामऊ चौराहे तक लंबा जाम लग गया। पिछले आईपीएल के मैचों की ही तरह इकाना जाने वाले रास्ते जी-20 से शहीद पथ से अहिमामऊ चौराहे तक जाम की समस्या से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

ये भी पढ़ें : एलएसजी को लय की तलाश, राजस्थान बढ़त मजबूत करने को तैयार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here