अलका दास के हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के अध्यक्ष बनने पर खेल जगत में खुशी की लहर

0
23

लखनऊ। हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया (एचएआई) की वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) में हुए चुनावों में उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन की अध्यक्ष अलका दास (चेयरमैन, बीबीडी ग्रुप) को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। उनके अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से निर्वाचित होने पर अनेक खेल संघो, खेल प्रेमियों में प्रसन्नता की लहर दौड़ गयी और हर तरफ से बधाईयों का तांता लग गया।

हैंडबॉल के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से करेंगे काम : अलका दास

बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी में रविवार को आयोजित एजीएम में जूम मीटिंग के माध्यम से एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के पर्यवेक्षक के तौर पर महासचिव मोहम्मद शफीक तथा इंटरनेशनल हैंडबॉल फेडरेशन के पर्यवेक्षक के तौर पर पीतांबर तिमसिना की मौजूदगी में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के रिक्त पदों पर शेष कार्यकाल (2023-27) के लिए चुनाव हुआ।

रविवार को हुई वार्षिक साधारण सभा की बैठक

चुनावों में हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डा आनन्देश्वर पाण्डेय ने अध्यक्ष पद के लिए अलका दास व उपाध्यक्ष पद के लिए दिल्ली की रानी तिवारी के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सभा ने ध्वनिमत से अनुमोदित कर दिया। इस दौरान चुनाव अधिकारी के रूप में सेवानिवृत्त जिला जल दीपक कुमार श्रीवास्तव ने जिम्मेदारी निभाई।

अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अलका दास ने कहा कि कि हैंडबॉल को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर मजबूत ढांचा तैयार करना समय की आवश्यकता है।

वहीं कार्यकारी निदेशक डा आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि अलका दास के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने से हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया को मजबूती मिलेगी तथा संघ खिलाड़ियों और हैंडबॉल खेल के विकास के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेगा।

एजीएम में ओडिशा हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव मानस सिंह ईस्ट जोन के और हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह नार्थ जोन के चेयरमैन बनाए गए है। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के सचिन भारद्वाज को एचएआई के एथलेटिक्स कमीशन का चेयरमैन बनाया गया है।

एसोसिएशन के महासचिव डा तेजराज सिंह ने बताया कि 34 राज्य इकाईयों में से 31 राज्य इकाईयों के दो-दो प्रतिनिधियों यानि कुल 62 सदस्यों की मौजूदगी में हुई इस एजीएम में कई महत्वपूर्ण मुद्दो पर भी चर्चा हुई। इसमें सबसे पहले भारत सरकार के स्पोर्ट्स बिल तथा भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के निर्देशों के अनुरूप एचएआई के संविधान में संशोधन पर चर्चा हुई।

एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि इस दौरान 15 दिसंबर 2025 को चिनसुरा (पश्चिम बंगाल) में हुई पिछली एजीएम की कार्यवाही की पुष्टि के साथ वर्ष 2025-2026 के ऑडिटेड लेखा विवरण पर विचार एवं अनुमोदन किया गया। इसके साथ ही वर्ष 2026-2027 के लिए राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप की मेजबानी का आवंटन भी किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here