जिला कारागार लखनऊ में बन्दियों के सुधार की दिशा में “रेडियो परवाज (एफएम रेडियो)” कार्यक्रम का उदघाटन बुधवार को उत्तर प्रदेश के डीजी जेल पीसी मीना द्वारा किया गया।
कारागार परिसर में रेडियो परवाज सेवा का शुभारम्भ इंडिया विजन फाउंडेशन व फिक्की फ्लो, लखनऊ संस्था के सौजन्य से किया गया। रेडियो परवाज के माध्यम से कारागार में निरूद्ध बन्दियों को मानसिक सकारात्मकता एवं रचनात्मक अभिरुचियों को प्रोत्साहन और साथ ही कई महत्वपूर्ण व ज्ञानवर्धक जानकारियाँ भी प्राप्त हो सकेंगी।
इस अवसर पर इंडिया विजन फाउंडेशन की डायरेक्टर मोनिका धवन, प्रिजन हेड रवि कुमार श्रीवास्तव व प्रोजेक्ट कोर्डिनेटर गोविन्द सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम में फिक्की फलो की चेयरपर्सन सिमरन, वाइस चेयरपर्सन निवेदिता सिंह, फाउंडर चेयर ज्योत्सना हबीबुल्लाह एवं उनकी टीम के सदस्यगण मौजूद रहे। मोनिका धवन ने बताया कि रेडियो परवाज के माध्यम से 350 कैप्सूल ब्रॉडकास्ट किये जाने है।
प्रत्येक कैप्सूल में प्रेरणादायी कहानियाँ, गीत-संगीत, विशेष कार्यक्रम तथा सामान्य ज्ञान से संबंधित उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक विषयवस्तु को सम्मिलित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक कारागार पीसी मीना ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि “रेडियो परवाज” बन्दियों के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच एवं रचनात्मक परिवर्तन का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ अधीक्षक आरके जायसवाल द्वारा सभी उपस्थित गण को धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया गया। साथ ही महानिदेशक कारागार पीसी मीना ने महिला बैरक में निरुद्ध महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये।
इस अवसर पर महिला बैरक में अपनी माताओं के साथ रह रहे बच्चों को स्नेहस्वरूप फल वितरित किये गये। इस अवसर पर जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी, राजेश कुमार, सुनील दत्त मिश्र, अभय कुमार शुक्ल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : द्वितीय बड़ा मंगल पर कारागार मुख्यालय में हुआ भण्डारा
ये भी पढ़ें : कारागार प्रशिक्षण संस्थान में दीक्षांत परेड, 119 प्रशिक्षु हुए पासआउट












