पंचकूला के अभिषेक कुमार ने बनाई दो शॉट की बढ़त, शीर्ष पर काबिज

0
33

लखनऊ। पंचकूला के 24 वर्षीय अभिषेक कुमार ने शानदार और बोगी-फ्री पांच-अंडर 65 का कार्ड खेलते हुए 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वाले डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन विजय कुमार मेमोरियल गोल्फ टूर्नामेंट के पहले दौर के बाद दो शॉट की बढ़त हासिल कर ली है। प्रतियोगिता लखनऊ गोल्फ क्लब में खेली जा रही है।

पांचवें होल से शुरुआत करने वाले अभिषेक ने पूरे दौर में पांच बर्डी लगाईं और एक भी बोगी नहीं की। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एकल बढ़त बना ली। अभिषेक इस सत्र में फरीदाबाद में आयोजित पहले डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन टूर्नामेंट के विजेता रह चुके हैं और फिलहाल नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में चौथे स्थान पर हैं।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन विजय कुमार मेमोरियल गोल्फ 

अपने प्रदर्शन पर अभिषेक ने कहा कि आज उनके लिए बोगी से बचना सबसे महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने 16 ग्रीन्स इन रेगुलेशन हासिल किए और जिन दो होल्स पर ग्रीन मिस हुई, वहां भी पार बचाने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि छठे होल पर लगभग 12 से 13 फीट के पार-पट को होल करना उनके दौर का अहम क्षण रहा।

दिल्ली के पवन कुमार और लखनऊ के स्थानीय पेशेवर ऋषि कुमार तीन-अंडर 67 के स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं। दोनों खिलाड़ी अभिषेक से दो शॉट पीछे हैं। पवन ने अपने दौर में छह बर्डी और तीन बोगी दर्ज कीं।

फरीदाबाद के सचिन चौहान, दिल्ली के अजय बैसोया, लखनऊ के राजेश कुमार गौतम और कोलकाता के तुतुल अली दो-अंडर 68 के स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे।

पवन कुमार के लिए यह प्रतियोगिता विशेष महत्व रखती है क्योंकि इसका आयोजन उनके शुरुआती मार्गदर्शकों में से एक विजय कुमार की स्मृति में किया जा रहा है। पवन ने बताया कि वर्ष 2011 में अपने पहले पेशेवर सत्र के दौरान उनकी मुलाकात विजय कुमार से हुई थी और उनसे उन्होंने खेल के कई महत्वपूर्ण पहलू सीखे।

वर्ष 2025 में शुरू किया गया डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन टूर भारतीय पेशेवर गोल्फ का विकासात्मक सर्किट है। इसका उद्देश्य युवा पेशेवर खिलाड़ियों को अधिक प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराना और देश में गोल्फ के दायरे का विस्तार करना है।

इस वर्ष नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट का विजेता 2027 सत्र के लिए मुख्य टूर डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में खेलने का अधिकार हासिल करेगा।

ये भी पढ़ें : ‘डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सटजेन विजय कुमार मेमोरियल ‘ का आगाज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here