‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ लाइव कॉन्सर्ट में भारतीय-अमेरिकी पंजाबी गायिका जैस्मिन सैंडलस ने अपने सगाई का ऐलान कर प्रशंसकों को चौंका दिया। उन्होंने मंच से अपने मंगेतर शेखर चौधरी को बुलाया और उन्हें अपनी सगाई की अंगूठी दिखाते हुए सार्वजनिक रूप से रिश्ते की पुष्टि की।
कॉन्सर्ट के दौरान जैस्मिन ने बताया, “ये हैं मेरे चौधरी साहब। इन्होंने ही मुझे इस उंगली में रिंग पहनाई है।” फिर शेखर चौधरी मंच पर आये, जहां दोनों का दर्शकों ने तालियों और सीटियों के साथ स्वागत किया। जैस्मिन ने अपनी सगाई की अंगूठी दिखाई और शेखर को गले लगाया।
इसके बाद दोनों ने जैस्मिन के लोकप्रिय गीत ‘लावां’ पर रोमांटिक अंदाज में प्रस्तुति दी। इस अवसर पर जैस्मिन गोल्डन रंग के भारी कढ़ाईदार लहंगे और पारंपरिक आभूषणों में नजर आईं।
कॉन्सर्ट में उन्होंने ‘पंजेबा’, ‘सिप सिप’, ‘शरारत’, ‘धुरंधर’, ‘इल्लीगल वेपन’ और ‘यार ना मिले’ सहित अपने कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ के तहत उनके आगामी कार्यक्रम मुंबई, बेंगलुरु और चंडीगढ़ में भी आयोजित होंगे।
सगाई के ऐलान के बाद प्रशंसकों के बीच शेखर चौधरी को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि, उनके पेशे और पृष्ठभूमि के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि, जैस्मिन सैंडलस पहले पंजाबी गायक गैरी संधू के साथ अपने रिश्ते को लेकर भी चर्चा में रह चुकी हैं।
जालंधर में जन्मीं और अमेरिका के कैलिफोर्निया में पली-बढ़ीं जैस्मिन ने ‘मुस्कान’ से अपने संगीत करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने फिल्म ‘किक’ के गीत ‘यार ना मिले’ से बॉलीवुड पार्श्व गायन में पहचान बनाई और उन्हें सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का पुरस्कार भी मिल चुका है।
ये भी पढ़े : अमिताभ बच्चन बोले- अपनी सोच व अनुभव पर रखें भरोसा, गलतियों से न डरें












