लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 9 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी अयांश सिंह ने रांची में आयोजित 39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 ओपन शतरंज चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।
इस उपलब्धि के साथ अयांश ने आगामी अंडर-9 विश्व शतरंज चैंपियनशिप और एशियन अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
विश्व और एशियन अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में 6 से 12 जुलाई तक रांची के सरला बिरला स्कूल में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 1768 रेटिंग वाले अयांश ने 11 राउंड में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 9 अंक अर्जित किए। वह विजेता रायन मिकाएल रोजारियो (9.5 अंक) से महज आधा अंक पीछे रहे।
प्रतियोगिता के आठवें राउंड के बाद अयांश 7.5 अंकों के साथ एकल बढ़त बनाए हुए थे। इस दौरान उन्होंने शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों में शामिल और 1893 रेटिंग वाले सिद्धार्थ अनुज को हराकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
हालांकि नौवें राउंड में राजस्थान के वियांश भटनागर से उन्हें अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने शानदार मानसिक मजबूती दिखाई। दसवें राउंड में उत्तर प्रदेश के शिवाय सिंह के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ खेला और अंतिम राउंड में अंडमान एवं निकोबार के शा जिन्सन सैमुएल को हराकर उपविजेता का स्थान सुनिश्चित किया।
इससे पहले अयांश ने अप्रैल 2026 में सीतापुर में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया था। महाराजगंज जिले के रहने वाले अयांश को भारतीय शतरंज की नई पीढ़ी के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में गिना जा रहा है।
ये भी पढ़ें : आभास कुमार श्रीवास्तव बने लखनऊ क्लासिकल ओपन शतरंज टूर्नामेंट के चैंपियन
यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव ए.के. रायजादा ने बताया कि अयांश आगामी विश्व अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप और एशियन अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य के उभरते हुए शतरंज खिलाड़ियों के लिए जल्द ही विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
अयांश के पिता राम बिलास सिंह, जो पेशे से प्राथमिक शिक्षक हैं, ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन तथा महाराजगंज जिला शतरंज संघ के सचिव सी.जे. थॉमस का सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।













