बैंक ऑफ महाराष्ट्र : नई शाखा का विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया उद्घाटन

0
58

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सोमवार को वृंदावन योजना के सेक्टर-4 स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की नई शाखा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बैंक किसी भी देश की अर्थव्यवस्था की वित्तीय रीढ़ होते हैं और राष्ट्र की समृद्धि में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने कहा कि बैंकों में जमा लोगों की बचत उद्योगों और कारोबार में निवेश के रूप में पहुंचती है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और आर्थिक विकास को गति मिलती है। उन्होंने बैंकिंग व्यवस्था को देश की प्रगति का प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि मजबूत बैंकिंग प्रणाली किसी भी विकसित अर्थव्यवस्था की पहचान होती है।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के पांच लाभार्थियों को सौंपे स्वीकृति पत्र

डॉ. राजेश्वर सिंह ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के लगभग 90 वर्षों के सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1935 में स्थापित यह बैंक राष्ट्रीयकरण के बाद भी निरंतर प्रगति करता रहा है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनविश्वास के बल पर बैंक ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने बैंक की ऋण वितरण प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि बैंक का गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात मात्र 0.13 प्रतिशत है, जो देश में सबसे कम है। उन्होंने इसे बैंक की जिम्मेदार ऋण नीति, प्रभावी निगरानी और बेहतर वसूली व्यवस्था का परिणाम बताया तथा पूरी टीम को बधाई दी।

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत गोविंद सिंह, दीवाकर पांडे, अजय कुमार मौर्य, ममता यादव और रिद्धि पांडेय को स्वीकृति पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में बैंकिंग क्षेत्र की भूमिका पर भी जोर देते हुए कहा कि ग्रीन फाइनेंस को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।

सरोजनीनगर विधायक ने की ग्रीन फाइनेंस को बढ़ावा देने की अपील

उन्होंने बैंकों से अपील की कि सौर ऊर्जा, हरित ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और अन्य सतत विकास परियोजनाओं से जुड़ी कंपनियों को प्राथमिकता के आधार पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना था कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सतत आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि नई शाखा से सरोजनीनगर क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार होगा, वित्तीय समावेशन को मजबूती मिलेगी और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह शाखा क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ये भी पढ़ें : लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, सरोजनीनगर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री वीरेंद्र तिवारी, जोनल मैनेजर अमित गोयल, डिप्टी जोनल मैनेजर संजू कुमारी, शाखा प्रबंधक माधवी मिश्रा, मंडल अध्यक्ष राजन मिश्रा, पार्षद मनोज रावत, संजीव अवस्थी, आमोद कुमार, विनय मिश्रा, शेर अली, सेक्टर संयोजक आराधना पांडेय, निर्मल सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here