मंडलीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता: नेशनल इंटर कॉलेज ने जीता खिताब

0
58

लखनऊ। नेशनल इंटर कॉलेज, लखनऊ के खेल मैदान पर आयोजित मंडलीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का समापन शानदार मुकाबलों के साथ हुआ।

प्रतियोगिता में लखनऊ, हरदोई और लखीमपुर की टीमों ने हिस्सा लिया। बालक अंडर-17 वर्ग के फाइनल में मेजबान नेशनल इंटर कॉलेज, लखनऊ ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए हरदोई को 4-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद कुंवर उज्ज्वल रमण सिंह ने किया। इस अवसर पर भारतीय हॉकी टीम के पूर्व ओलंपियन सुजीत कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। साथ ही मोतीलाल मेमोरियल सोसाइटी के पदाधिकारी एवं सदस्य भी समारोह में शामिल हुए।

फाइनल मुकाबले में नेशनल इंटर कॉलेज की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और हरदोई की टीम को कोई मौका नहीं दिया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और शानदार कौशल का प्रदर्शन करते हुए 4-0 की प्रभावशाली जीत दर्ज की। मैच के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन की दर्शकों और अतिथियों ने जमकर सराहना की।

समापन समारोह में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. गणेश चंद्र मिश्रा ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

ये भी पढ़ें : लखनऊ के सुयश भारतीय जूनियर हैंडबॉल टीम के कप्तान, निहाल भी टीम में

विद्यालय के प्रधानाचार्य रामचंद्र ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।

समारोह में विद्यालय के क्रीड़ा अध्यक्ष अश्विनी यादव, जिला क्रीड़ा सचिव अमित श्रीवास्तव, वेद प्रकाश यादव, मनोज पटेल, आलोक कल्याणी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का सफल आयोजन नेशनल इंटर कॉलेज परिवार एवं आयोजन समिति के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here