कपिल देव सिंगल विकेट ट्रॉफी: मोहम्मद हैदर विजेता, काव्यांश उपविजेता

0
60

लखनऊ। लखनऊ क्रिकेट अकादमी (एलसीए) की ओर से भारत को पहला क्रिकेट विश्व कप दिलाने वाले कप्तान कपिल देव के सम्मान में आयोजित सिंगल विकेट क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को एलसीए ग्राउंड, चौक में हुआ।

रोमांचक फाइनल मुकाबले में मोहम्मद हैदर ने काव्यांश निगम को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि सदा कुमारी ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर मोहम्मद हैदर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनकी तेज गेंदबाजी के सामने काव्यांश निगम शुरुआत में संघर्ष करते नजर आए और तीन बार आउट हुए।

हालांकि इसके बावजूद काव्यांश ने शानदार वापसी करते हुए चार चौकों की मदद से दो ओवर में 24 रन बनाए। आउट होने के कारण उनके 12 रन कटे और हैदर के सामने जीत के लिए 13 रन का लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे मोहम्मद हैदर को काव्यांश ने दूसरी ही गेंद पर बोल्ड कर मुकाबले में रोमांच पैदा कर दिया, लेकिन इसके बाद हैदर ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए तीन चौकों की मदद से 10 गेंदों में 14 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। काव्यांश निगम उपविजेता रहे।

तीसरे स्थान के मुकाबले में सदा कुमारी और संस्कार रावत आमने-सामने थे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे संस्कार रावत ने 22 रन बनाए।

हालांकि लेकिन दो बार आउट होने के कारण उनके आठ रन कट गए और सदा कुमारी के सामने 15 रन का लक्ष्य रहा।  सदा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अंतिम गेंद पर लक्ष्य हासिल कर तीसरा स्थान अपने नाम किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि वरिष्ठ क्रिकेट कोच एवं उत्तर प्रदेश वेटरन क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष तथा क्रिकेट संघ के समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) मुदस्सिर नकवी ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए।

ये भी पढ़ें : कपिल देव सिंगल विकेट ट्रॉफी: मोहम्मद हैदर और काव्यांश निगम फाइनल में

उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर वरिष्ठ कोच शानू काज़मी, संदीप पाठक, अमान रिजवी, उज्ज्वल, हसन रज़ा और देवेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here