लखनऊ। शिया पीजी कॉलेज ने बीए, बीएससी एवं बीकॉम प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-27) में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिन अभ्यर्थियों ने प्रवेश शुल्क महाविद्यालय में जमा कर दिया है, वे निर्धारित तिथियों के अनुसार कॉलेज के एडमिशन पोर्टल www.shiapgcollege.ac.in पर ऑनलाइन काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे।
प्रवेश समन्वयक प्रो. एम.एम. अबु तैय्यब ने बताया कि अभ्यर्थियों को सबसे पहले कॉलेज के एडमिशन पोर्टल पर जाकर स्टूडेंट लॉगिन के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर लॉगिन करना होगा।
ये भी पढ़ें : वेबसाइट पर जारी होगी शिया पीजी कॉलेज की चयनित व प्रतीक्षा सूची
लॉगिन करने के बाद अभ्यर्थियों को अपने विषयों का चयन करना होगा। इसके तहत दो मेजर विषय और एक माइनर विषय चुनना अनिवार्य होगा।
विषय चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थी स्टूडेंट लॉगिन से अपनी फाइनल रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।









