हेल्प यू ट्रस्ट ने स्वास्थ्य सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश

0
116

लखनऊ। विश्व हेपेटाइटिस दिवस 2026 एवं विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस 2026 के अवसर पर हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा राणा होम्यो क्लीनिक एवं श्री वर्धमान इंटर कॉलेज, तकरोही, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित नि:शुल्क होम्योपैथिक परामर्श, निदान एवं दवा वितरण शिविर में परामर्शदाता चिकित्सक डॉ. संजय कुमार राणा एवं उनकी टीम द्वारा कुल 131 लाभार्थियों की नि:शुल्क जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।

शिविर में हेपेटाइटिस, बुखार, पीलिया, जोड़ों में दर्द, गहरे रंग का पेशाब, थकान, कमजोरी, पाचन संबंधी समस्याएं, वजन कम होना, भूख में कमी, मतली, उल्टी एवं अन्य रोगों का परीक्षण किया गया तथा संबंधित रोगियों को निःशुल्क होम्योपैथिक दवाइयां वितरित की गईं।

शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसमें डॉ. संजय कुमार राणा, राहुल राणा, अंकित जैन (मैनेजर, श्री वर्धमान इंटर कॉलेज) एवं स्वाति पाठक (अध्यापिका) द्वारा दीप प्रज्वलित किया गया।

इसी कार्यक्रम में विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” से प्रेरित होकर “सीड बॉल मेकिंग वर्कशॉप” का भी आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के स्वयंसेवक हर्षवर्धन सिंह द्वारा विद्यार्थियों को सीड बॉल बनाना सिखाया गया| विद्यार्थियों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता एवं जिम्मेदारी का सराहनीय परिचय दिया।

यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने एवं सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध हुआ।

विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी समझाते हुए उन्हें अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया, जिससे भविष्य में स्वच्छ, हरित, स्वस्थ एवं संतुलित पर्यावरण के निर्माण को बल मिल सके।

इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने, जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने तथा नई पीढ़ी को जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शिविर में परामर्शदाता चिकित्सक डॉ० संजय कुमार राणा, उनकी टीम से राहुल राणा, अंकित जैन (मैनेजर, श्री वर्धमान इंटर कॉलेज), स्वाति पाठक (अध्यापिका) तथा ट्रस्ट के स्वयंसेवकों की गरिमामयी उपस्थिति रहीl

ये भी पढ़ें : हेल्प यू ट्रस्ट की बड़ी पहल-बलरामपुर जिले के लिए जीवनरक्षक एम्बुलेंस सेवा शुरू

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here