लखनऊ। महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश पी. सी. मीना की अध्यक्षता में आज दिनांक 17.08.2026 को मुख्यालय, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, लखनऊ में समस्त परिक्षेत्रीय उप महानिरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कारागार प्रशासन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में उप महानिरीक्षक कारागार/वरिष्ठ अधीक्षक/अधीक्षक कारागार स्तर पर लंबित विभागीय कार्यवाहियों की जांच, लंबित शिकायती एवं मानवाधिकार संबंधी प्रकरणों की अद्यतन स्थिति, आदर्श कारागार में बंदियों के स्थानांतरण तथा कारागारों की सभी क्रियाशील बैरकों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं उनकी क्रियाशीलता की समीक्षा की गई।
इस संबंध में समस्त उप महानिरीक्षकों द्वारा अवगत कराया गया कि सभी क्रियाशील बैरकों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
इसके अतिरिक्त कारागारों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों (JARVIS) की मुख्यालय स्थित वीडियोवॉल से कनेक्टिविटी, महिलाओं के साथ रह रहे बच्चों की देखभाल हेतु जनपद स्तर पर आयोजित बैठकों की स्थिति, कारागारों में निरुद्ध दिव्यांग बंदियों तथा उनके दिव्यांगता प्रमाण-पत्र निर्गत किए जाने की प्रगति एवं मृतक आश्रितों की अनुकम्पा नियुक्ति से संबंधित कार्यवाही की भी समीक्षा की गई।
महानिदेशक द्वारा समस्त अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कारागारों में सुरक्षा, पारदर्शिता, मानवाधिकार एवं बंदी कल्याण से संबंधित व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किए जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर महानिरीक्षक कारागार प्रशासन धर्मेंद्र सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक कारागार प्रदीप गुप्ता, सुभाष चंद्र शाक्य, कुंतल किशोर, राजेश श्रीवास्तव, उपमहानिरीक्षक कारागार डॉ. रामधनी, पी. एन. पांडेय एवं शैलेन्द्र मैत्रेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












